Kabirdham. कबीरधाम। जिले में अवैध गतिविधियों और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कबीरधाम पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत कुकदूर पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 5 भैंसों को बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए कुल 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में
अवैध गतिविधियों
, अवैध गांजा, मादक पदार्थ, शराब तस्करी, पशु तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र को मजबूत कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया भूपत सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में कुकदूर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की।

क्रूरतापूर्वक परिवहन करते पकड़े गए मवेशी
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम अमलीटोला (बदना) से कारीढाप रोड कुकदूर क्षेत्र में एक पिकअप वाहन के माध्यम से मवेशियों को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की। जांच के दौरान पिकअप वाहन में 5 नग भैंस पाए गए। पुलिस के अनुसार, मवेशियों को बिना किसी वैध दस्तावेज के और बिना उचित चारा-पानी की व्यवस्था के क्रूरतापूर्वक परिवहन किया जा रहा था। वाहन में मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने वाहन और मवेशियों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में जोहन सिंह मरावी (35 वर्ष), निवासी कारीढाप थाना कुकदूर, हीरापन्ना बघेल (38 वर्ष), निवासी परसाकांपा थाना लालपुर जिला मुंगेली और दुबेन्द्र धृतलहरे (30 वर्ष), निवासी देवरी थाना मुंगेली जिला मुंगेली के खिलाफ कार्रवाई की है। आरोपियों के विरुद्ध थाना कुकदूर में अपराध क्रमांक 52/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु कृषक परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत मामला दर्ज किया है।

10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
कुकदूर पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 5 नग भैंसों को जब्त किया है, जिनकी अनुमानित कीमत 1 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा पशु तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन को भी जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 9 लाख रुपये है। पुलिस ने कुल 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक गोविंद चंद्रवंशी, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, प्रधान आरक्षक संजू झारिया, आरक्षक दुजराम सिंद्राम, आरक्षक कृष्ण कुमार धुर्वे, आरक्षक पंचम बघेल, आरक्षक सुनील नायक और आरक्षक जगदीश मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कबीरधाम पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस द्वारा नशे के कारोबार, पशु तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Tags: