Jashpur. जशपुर। जिले के थाना बागबहार क्षेत्र में गौवंश वध के एक गंभीर मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार, दो मोटरसाइकिल और टॉर्च जब्त किए हैं। वहीं मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 जून 2026 को प्रार्थी खेमानिधि यादव, निवासी ग्राम बरखोरिया (थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़) ने थाना बागबहार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि चार व्यक्ति दो मोटरसाइकिल और एक गौवंश के साथ संदिग्ध स्थिति में ग्राम बरखोरिया से मुडाबहला की ओर जा रहे थे। पूछताछ करने पर आरोपियों ने गौवंश को खरीदकर ले जाने की बात कही, लेकिन ग्रामीणों को संदेह हुआ।
इसके बाद ग्रामीणों द्वारा की गई खोजबीन में ग्राम हल्दीझरिया के पास एक खेत के गड्ढे में गौवंश का वध किया हुआ शव मिला। मौके से गाय की खाल, सिर, चारों पैर, कान का बिल्ला, रस्सी, गोबर, रक्त के निशान तथा लकड़ी का गुटका बरामद किया गया, जिसका उपयोग मांस काटने में किया गया था। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 5, 6 एवं 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी अयजक एक्का को ग्राम बिरीमडेगा से गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में अपने साथियों सुशील कुजूर, प्रमोद एक्का, अगस्तुस तिर्की और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने सुशील कुजूर, प्रमोद एक्का और अगस्तुस तिर्की को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार और वाहन भी बरामद किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जशपुर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में साक्ष्य जुटाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम सक्रिय रूप से काम कर रही है। जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय स्तर पर इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।