नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल में फर्जी दस्तावेज और वित्तीय गड़बड़ी का मामला
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर पंजीयन और वित्तीय अनियमितता के आरोप लगे हैं। इस संबंध में डिप्टी डायरेक्टर नर्सिंग संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. निधि ग्वालरे द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई शासन के आदेश क्रमांक GENCOR/11022/2025 दिनांक 9 अप्रैल 2026 के पालन में की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नर्सिंग पंजीयन किया गया, जिससे शासन को आर्थिक क्षति पहुंची है। साथ ही तथ्यों को छिपाकर भ्रामक जानकारी प्रस्तुत करने और नियमों के विरुद्ध कार्य करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
प्राथमिक जांच में मामला गंभीर पाए जाने पर थाना गोलबाजार में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले को विवेचना में लेते हुए संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में तत्कालीन रजिस्ट्रार श्रीमती दुर्गावती उसारे (कुंजाम), जो शासकीय जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र कांकेर की प्राचार्य भी रही हैं, सहित कई अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम शामिल हैं। इनमें प्रभारी प्राचार्य, विभिन्न नर्सिंग कॉलेजों के प्राचार्य और काउंसिल के कर्मचारी भी शामिल हैं। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि आरोपियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए स्वहित में निर्णय लिए और नियमों की अनदेखी की। इसके साथ ही वित्तीय लेन-देन में अनियमितता कर शासन को नुकसान पहुंचाया गया।
स्वास्थ्य संचालनालय द्वारा मामले की जांच रिपोर्ट और संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां भी पुलिस को सौंपी गई हैं, जिनमें करीब 425 पृष्ठों का रिकॉर्ड शामिल है। इन दस्तावेजों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर भी इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और नर्सिंग पंजीयन प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।