फोटोग्राफर से मारपीट का मामला, जुनैद रजा पर गाली-गलौज और हमला करने का आरोप
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के गोविंद नगर पंडरी क्षेत्र में एक फोटोग्राफर के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़ित ने बैजनाथपारा निवासी जुनैद रजा पर बिना किसी वजह के हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना 17 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:30 से 10:45 बजे के बीच बैजनाथ धाम के पास हुई बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गोविंद नगर पंडरी निवासी और फोटोग्राफी का कार्य करने वाला व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल (CG 04 DZ 1633) से बैजनाथपारा से घर लौट रहा था। इसी दौरान बैजनाथ धाम के पास पहुंचने पर आरोपी जुनैद रजा अपने दोपहिया वाहन से वहां पहुंचा और पीड़ित की बाइक के सामने अपनी गाड़ी लगाकर उसे रोक लिया।
इसके बाद आरोपी ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मां-बहन को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद जुनैद रजा ने हाथ-मुक्के से पीड़ित की छाती और चेहरे पर हमला किया। इतना ही नहीं, पास में पड़े पत्थर के टुकड़े से उसकी पीठ और बाएं हाथ की कोहनी के पास चोट पहुंचाई, जिससे वह घायल हो गया। मारपीट की इस घटना से पीड़ित को चोटें आई हैं और उसे दर्द की शिकायत है। घटना के बाद पीड़ित ने अपने परिचितों जमाल महमूद और छोटे भाई बिट्टू कुरैशी को पूरी घटना की जानकारी दी। मामले को लेकर पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस तरह की घटनाएं क्षेत्र में तनाव का कारण बन रही हैं और लोगों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।