Raipur. रायपुर। रायपुर के हांडीपारा क्षेत्र में मारपीट का मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक ने चार लोगों पर गाली-गलौच और हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित युवक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित युवक ने बताया कि वह कक्षा 6वीं तक पढ़ा है और वर्तमान में ललिता चौक स्थित एक प्रिटिंग प्रेस में काम करता है। उसके अनुसार 22 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 11 बजे वह अपने घर से निकला था। इसी दौरान उसके घर के पास राधा कृष्ण मंदिर के सामने मोहल्ले के विजय निषाद, मानु यादव, सौरभ यादव और एक अन्य व्यक्ति उससे मिले।
आरोप है कि इन चारों लोगों ने उसे देखकर गाली-गलौच शुरू कर दी और यह कहते हुए कि उसने उनके खिलाफ अपशब्द कहे हैं, उस पर हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार, चारों आरोपियों ने एक राय होकर उसे मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद आरोपियों ने उसे अपने बस्ती से बाहर निकलने की बात कहते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस हमले में युवक के दाहिने कान के नीचे, सिर, माथे, बाएं आंख के पास और दाहिने गाल में चोट आई है। घायल युवक का कहना है कि हमले के दौरान उसे काफी चोटें आईं और वह दर्द से परेशान है।
घटना को लेकर पीड़ित ने बताया कि आसपास मौजूद लोगों ने पूरी घटना देखी और सुनी। बाद में उसने अपने दोस्त पवन साहू और परिजनों- चाची सुषमा निषाद और दादी सुमित्रा निषाद को भी इसकी जानकारी दी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों की हरकत से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचा है। उसने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पीड़ित ने थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास के लोगों के बयान भी लिए जा सकते हैं ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।