चुनाभट्टी एक्सप्रेस-वे पर लापरवाह एक्टिवा चालक ने मारी ठोकर

छग

Update: 2025-08-23 13:25 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में एक्सप्रेस-वे पर लापरवाह वाहन चालकों की वजह से हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला चुनाभट्टी के पास सामने आया है, जहां एक तेज और लापरवाही से चल रहे एक्टिवा चालक ने होटल में काम करने वाले कर्मचारी को जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना 19 अगस्त 2025 की दोपहर करीब 4 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, घायल युवक राकेश पांडे, जो कि होटल सुदेश, नर्मदापारा में काम करता है, रोजाना की तरह ड्यूटी पूरी कर पैदल अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह एक्सप्रेस-वे चुनाभट्टी के पास पहुंचा, अचानक तेज रफ्तार से आ रहे एक एक्टिवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राकेश सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर, माथे और बाएं पैर में गंभीर चोटें आईं।


हादसे के समय मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत मदद की। राकेश ने बताया कि दर्द से कराहते हुए उसने एक राहगीर से अपने होटल में जानकारी देने का आग्रह किया। थोड़ी ही देर में होटल सुदेश का स्टाफ, जिसमें विशाल और गार्ड बृजमोहन शामिल थे, मौके पर पहुंचा और घायल को मेकाहारा अस्पताल ले गए। हादसे की जानकारी पीड़ित की पत्नी को उसके बेटे शुभम पांडे ने दी। शुभम ने मां को फोन पर बताया कि “पापा का एक्सीडेंट हो गया है और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।” सूचना मिलते ही पीड़िता सीधा मेकाहारा अस्पताल पहुंचीं और
इमरजेंसी
वार्ड में अपने पति को गंभीर अवस्था में देखा। राकेश पांडे ने पत्नी को बताया कि एक्टिवा चालक अत्यधिक तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। उसने सामने से आते हुए अचानक ठोकर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ। राकेश वाहन का नंबर देख नहीं पाया। हालांकि, उसने बताया कि घटना को पास में मौजूद पान ठेला संचालक ने प्रत्यक्ष रूप से देखा है और उसकी गवाही से पुलिस को मदद मिल सकती है। गंभीर चोटों की वजह से राकेश पांडे का इलाज अभी भी मेकाहारा अस्पताल में जारी है। उनकी पत्नी ने बताया कि इलाज में व्यस्त रहने के कारण वह तुरंत रिपोर्ट दर्ज नहीं करवा पाई। लेकिन अब 23 अगस्त 2025 को खमतराई थाने पहुंचकर अज्ञात एक्टिवा चालक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
Tags:    

Similar News