धमतरी। जिले में रफ्तार का कहर फिर देखने को मिला है। दरअसल, नगरी क्षेत्र के देवपुर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा इतना भयावह था कि, बाइक चालक युवक के दोनों पैर कटकर अलग हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, देवपुर के पास तेज रफ्तार एर्टिगा कार और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, बाइक चालक समीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार तीन युवतियां घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।