कांच के टुकड़ों-कचरे के नीचे 85 लाख का गांजा, पुलिस की आंखों में धूल झोंकने तस्करों ने अपनाया बेहद शातिर तरीका
छत्तीसगढ़.
महासमुंद: महासमुंद पुलिस की एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने अवैध गांजा तस्करी पर कार्रवाई करते हुए 170.75 किलो गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए मिनी ट्रक के डाले में कांच के टुकड़े और कचरा भर रखा था। लेकिन पुलिस ने इस शातिर जालसाजी का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने एनएच 353 स्थित महाराजा ढाबा, बिरकोनी के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध मिनी ट्रक को रोका। ट्रक चालक अंकित कुमार यादव (25), ग्राम गणेश कपर्वा, थाना ऊंचाहार (रायबरेली, उ.प्र.) से पूछताछ की गई। ऊपर से कचरा दिखने वाले ट्रक की गहराई से जांच करने पर कांच के टुकड़ों के नीचे छिपाकर रखा गया 85 लाख रुपये का 170.75 किलो गांजा बरामद हुआ।
मिनी ट्रक को फॉलो कर रही कार भी पकड़ी
पूछताछ में चालक ने बताया कि उसके अन्य साथी स्विफ्ट कार से मिनी ट्रक की रेकी कर रहे हैं। वे उसे फॉलो करते हुए पीछे आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर स्विफ्ट कार को भी रोका। इसमें सवार आरोपी संतोष गुप्ता (60), ग्राम माधोंसिंह (भदोही, उ.प्र.), अविनाश सिंह (43), भक्ति नगर कॉलोनी, पांडेयपुर (वाराणसी, उ.प्र.) और श्याम प्रकाश सोनी (37), निवासी सालारपुर (वाराणसी, उ.प्र.) को गिरफ्तार किया गया। ओडिसा से फिरोजाबाद में खपाने की योजना बनाई थी आरोपी गांजा बौद्धगढ़ (ओडिशा) से लाएथे।
फिरोजाबाद (उ.प्र.) में खपाने की तैयारी थी। आरोपियों से 85 लाख का गांजा, मिनी ट्रक, एक कार, एक मोबाइल, 3,670 रुपए सहित 97.03 लाख का मशरूका जब्त किया है। आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।