Mahasamund. महासमुंद। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में संचालित सेवा सेतु अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने विकासखंड स्तरीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिले के महासमुंद विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम बिरकोनी सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष दिशा राम स्वरूप दीवान, जनपद सदस्य सुधा चंद्राकर, विजय लक्ष्मी जांगड़े, विष्णु साहू, सरपंच चंदना चंद्राकर, संदीप घोष, जिला पंचायत की सीईओ अनुपमा आनंद, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, विभागों से संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही एवं नागरिकगण मौजूद रहे। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं, पात्रता एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा उनकी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए।
कार्यक्रम में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं जनप्रतिनिधियों ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने विभागवार प्राप्त आवेदनों, हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा आवेदनों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। विधायक श्री सिन्हा ने शिविर में पहुंचे नागरिकों की मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को पात्रतानुसार प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में महासमुंद विकासखण्ड की 27 ग्राम पंचायतों के नागरिकों की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं के समाधान की कार्यवाही की गई।
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प से जुड़ी रही है। इसी सेवा संकल्प को छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन के माध्यम से आगे बढ़ाते हुए शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है तथा नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, वात्सल्य एवं महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महासमुंद क्षेत्र में अधिक से अधिक पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया निरंतर जारी है। अभी 37 गांवों के 4670 आवासांे के लिए 56 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली है। शासन की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार हर पात्र व्यक्ति तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए समाधान की दिशा में कार्य कर रही है, जिससे आमजन को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने आमजन से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
शिविर में केन्द्र एवं राज्य शासन की 26 महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी नागरिकों को दी गई। साथ ही विभागों द्वारा इन योजनाओं के अंतर्गत पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज तथा मिलने वाले लाभ के संबंध में ग्रामीणों को सरल भाषा में जानकारी प्रदान की गई, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक शासन की योजनाओं का लाभ उठा सकें। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को किट एवं सामग्री का वितरण किया गया। जिसमें खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड, पीएम आवास के तहत हितग्राहियों को चाबी सौंपी गई। कृषि विभाग द्वारा कृषि किट, मछली विभाग द्वारा जाल एवं आईस बाॅक्स, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड तथा महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। ज्ञात है कि सेवा सेतु शिविर का आयोजन 03 अक्टूबर को महासमुंद विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम कोसरंगी में, बागबाहरा अंतर्गत ग्राम खुर्सीडबरी, पिथौरा अंतर्गत ग्राम सांकरा, बसना अंतर्गत ग्राम भूकेल तथा विकासखण्ड सरायपाली अंतर्गत ग्राम केंदुआ में किया जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थल पर उपस्थित होकर सेवा सेतू अभियान का लाभ अवश्य उठाएं।
Tags: