Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में कार से ऑयल गिरने का झांसा देकर एक कारोबारी को रोकने और फिर उसकी कार से बैग चोरी करने का मामला सामने आया है। बैग में 25 हजार रुपए नकद, क्रेडिट और डेबिट कार्ड, चेकबुक सहित बैंक और ऑफिस से संबंधित जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। घटना 24 सितंबर की सुबह करीब 11:40 बजे फाफाडीह ओवरब्रिज के पास हुई। कारोबारी की शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, नेचर सिटी
अमलीडीह
निवासी कौस्तुभ धर्माधिकारी कारोबारी हैं। वह रावाभाठा स्थित कैप्स आइसक्रीम फैक्ट्री के संचालक हैं। 24 सितंबर को वह अपनी कार क्रमांक CG04PS7590 से घर से ऑफिस जाने के लिए निकले थे।
कारोबारी जब फाफाडीह ओवरब्रिज के पास पहुंचे, तभी एक युवक ने उन्हें इशारा कर बताया कि उनकी कार के बोनट के सामने से ऑयल गिर रहा है। कारोबारी ने पहले उसकी बात पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया और आगे बढ़ गए। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद एक दूसरे युवक ने भी उन्हें कार से ऑयल गिरने की बात कही। दो अलग-अलग युवकों से एक जैसी बात सुनने के बाद कारोबारी को कार में खराबी होने की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने कार को यू-टर्न लिया और सड़क किनारे खड़ा कर दिया। उन्होंने संबंधित सर्विस सेंटर में फोन कर कार से कथित रूप से ऑयल गिरने की जानकारी दी।
सर्विस सेंटर से उन्हें कार के बोनट की फोटो भेजने के लिए कहा गया, ताकि समस्या के बारे में जानकारी ली जा सके। इसके बाद कौस्तुभ धर्माधिकारी कार से नीचे उतरे और बोनट की फोटो खींचकर सर्विस सेंटर को भेजने लगे। इसी दौरान उनका ध्यान कार से हट गया। आरोप है कि इसी मौके का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपी कार में रखा ब्राउन रंग का बैग चोरी कर फरार हो गए। फोटो भेजने के बाद जब कारोबारी वापस कार के पास पहुंचे तो उन्हें बैग दिखाई नहीं दिया। आसपास तलाश करने के बाद भी बैग का कोई पता नहीं चला।
कारोबारी के मुताबिक, चोरी हुए बैग में 25 हजार रुपए नकद रखे थे। इसके अलावा क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, बैंक ऑफ बड़ौदा की चेकबुक, बैंक से संबंधित कागजात, ऑफिस के महत्वपूर्ण दस्तावेज और चाबियां भी बैग में रखी हुई थीं। बैग गायब होने की जानकारी मिलने के बाद कारोबारी ने अपने परिचित प्रशांत सुब्रमण्या और शारदाचरण पटेल को घटना की सूचना दी। इसके बाद वह गंज थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। कारोबारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ऑयल गिरने की बात बताने वाले दोनों युवक चोरी की वारदात में शामिल थे या नहीं।
आरोपियों की पहचान के लिए फाफाडीह ओवरब्रिज और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस घटना के समय वहां से गुजरने वाले संदिग्ध लोगों और वाहनों की जानकारी भी जुटा रही है। जिस तरीके से कारोबारी को कार में खराबी होने का झांसा देकर बाहर निकलने के लिए मजबूर किया गया और इसी दौरान बैग गायब हुआ, उस पूरे घटनाक्रम को ध्यान में रखते हुए पुलिस जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों के संबंध में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। फिलहाल गंज थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
Tags: