गृहमंत्री की सुरक्षा के बीच Raipur में सेंधमारी, मोबाइल दुकान से 12–15 लाख की चोरी

छग

Update: 2025-11-28 14:10 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी में एक तरफ देश के गृह मंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और देशभर के DGP-IG स्तर के अधिकारी सुरक्षा सम्मेलन के लिए रायपुर में मौजूद हैं, वहीं दूसरी तरफ शहर में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। धरसीवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिलतरा औद्योगिक इलाके में स्थित एक मोबाइल दुकान में शातिर चोरों ने लाखों की चोरी को अंजाम दिया है। घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


मिली जानकारी के अनुसार, सिलतरा स्थित वर्मा मोबाइल दुकान में देर रात चोरों ने दुकान की पिछली दीवार तोड़कर सेंधमारी की। इसके बाद दुकान में रखे लगभग 10 से 12 लाख रुपये कीमत के मोबाइल फोन और नगद रकम चुरा ले गए। सुबह दुकान मालिक के पहुंचने पर चोरी का खुलासा हुआ, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। वारदात की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। दुकान के अंदर-बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी सामने आई है, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दुकान के अंदर और आसपास घूमता नजर आ रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने में जुटी है।


बताया जा रहा है कि जिस वक्त यह चोरी हुई, उस समय राजधानी में सुरक्षा का अभूतपूर्व घेरा था। शहरभर में 2000 से अधिक पुलिसकर्मी, RAF, स्पेशल फोर्स और इंटेलिजेंस टीमें गृह मंत्री और अन्य अधिकारियों की सुरक्षा में तैनात थीं। इसके बावजूद चोरों का इस तरह दीवार तोड़कर लाखों की चोरी कर फरार हो जाना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। दूकान मालिक ने बताया कि दुकान बंद करने के बाद रात में किसी ने पीछे से दीवार को छेनी और हथौड़े की मदद से तोड़ा है। दुकान के भीतर रखे सभी महंगे ब्रांडों के मोबाइल फोन गायब हैं, वहीं नकदी की दराज भी टूटी हुई मिली है। चोरी की कुल कीमत 12 से 15 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह वारदात किसी संगठित और अनुभवी चोर गिरोह द्वारा की गई लगती है। दुकान की जिस तरफ से दीवार तोड़ी गई है, वह इलाका सुनसान था और वहां स्ट्रीट लाइट भी नहीं थी, जिसका फायदा चोरों ने उठाया। धरसीवां थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के अन्य CCTV कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस टीमों ने सिलतरा और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब रायपुर में देश के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी मौजूद हैं, जिससे पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई है। चोरी की यह बड़ी वारदात न केवल सुरक्षा व्यवस्था में कमी दिखाती है बल्कि औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा में बढ़ते आपराधिक गतिविधियों का संकेत भी देती है।
Tags:    

Similar News