Surajpur. सूरजपुर। जयनगर थाना क्षेत्र में मोरभंज डैम के पास तीन दिन पूर्व मिली युवती पिंकी सोलंकी की रक्तरंजित लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी हेमंत सोलंकी (24) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, पिंकी सोलंकी 29 जनवरी को घर से निकली थी। देर रात तक वह वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने जयनगर थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। अगले दिन 30 जनवरी को मोरभंज डैम के पास जंगल में युवती का शव मिला। प्राथमिक जांच में शव के गले पर धारदार हथियार से चोटों के निशान पाए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हेमंत सोलंकी मृतिका का प्रेमी था। दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में थे और आरोपी को पिंकी के चरित्र पर शक था। आरोपी ने 29 जनवरी को अपने जन्मदिन का बहाना बनाकर पिंकी को मोटरसाइकिल से मोरभंज डैम ले गया। वहां केक काटने और शराब सेवन के बाद आरोपी ने पहले स्टॉल से गला घोंटने का प्रयास किया और फिर धारदार चाकू से गला रेतकर उसकी नृशंस हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने चाकू को पानी में फेंककर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घटनास्थल, परिजनों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पतासाजी शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जयनगर पुलिस टीम ने आरोपी हेमंत को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया। अभियान के दौरान आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई। आरोपी हेमंत सोलंकी, मूल निवासी पांडोपारा पटना, जिला कोरिया तथा स्थायी पता कुसमुसी, थाना भैयाथान, जिला सूरजपुर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) एवं 238 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने कहा कि यह जघन्य अपराध गंभीरता से लिया गया और जांच में उपलब्ध सभी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई। जयनगर थाना प्रभारी ने बताया कि इस कार्रवाई में टीम ने घटनास्थल, परिजनों के बयान, CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का संपूर्ण विश्लेषण किया। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या जघन्य अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
मामले में पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी हेमंत ने इस घटना को अंजाम देने से पहले किसी अन्य व्यक्ति की मदद तो नहीं ली थी। साथ ही आरोपी के मोबाइल और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। यह घटना सूरजपुर में युवतियों की सुरक्षा और लिव-इन रिलेशनशिप में चेतावनी के महत्व को उजागर करती है। पुलिस ने इस बात पर भी जोर दिया कि किसी भी प्रकार के व्यक्तिगत मतभेद और शक के आधार पर हिंसा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।