BREAKING: रायपुर पुलिस आरक्षक भर्ती 2023-24 के परिणाम घोषित

छग

Update: 2025-12-09 13:12 GMT
Raipur. रायपुर। जिला पुलिस बल आरक्षक संवर्ग भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2023-24 के तहत रायपुर रेंज अंतर्गत जिला रायपुर के लिए आयोजित भर्ती प्रक्रिया पूरी हो गई है। पुलिस विभाग द्वारा आरक्षक जीडी, आरक्षक (चालक) और आरक्षक (ट्रेड—टेलर) पदों के लिए परीक्षा एवं चयन प्रक्रिया सम्पन्न कर ली गई है, जिसके बाद अब प्रवीण्यता सूची के आधार पर चयन एवं प्रतीक्षा सूची जारी कर दी गई है। पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय, माना-रायपुर में 16 नवंबर 2024 से 17 जनवरी 2025 तक अभ्यर्थियों के दस्तावेज़ों की जांच,
शारीरिक नाप-जोख
और शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई थी। हजारों आवेदकों ने इस चरण में हिस्सा लिया। इसके बाद 14 सितंबर 2025 को व्यापम द्वारा लिखित परीक्षा आयोजित की गई, जिसका परिणाम हाल ही में जारी किया गया है।


भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और योग्यता को प्राथमिकता देते हुए, पुलिस विभाग ने शारीरिक दक्षता परीक्षा और लिखित परीक्षा के अंकों को सम्मिलित करते हुए अंतिम प्रवीण्यता सूची तैयार की है। इसके साथ ही जिन अभ्यर्थियों ने बोनस अंक के लिए मान्य प्रमाणपत्र प्रस्तुत किए थे, उनके दस्तावेज़ों की जांच कर नियम अनुसार बोनस अंक भी प्रदान किए गए हैं। सभी अंकों के समाकलन और सत्यापन के बाद विभाग द्वारा अंतिम प्रवीण्यता (Merit) सूची तैयार की गई है। इसी प्रवीण्यता सूची के अनुसार चयन सूची और प्रतीक्षा सूची दोनों जारी की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को आगे की ज्वाइनिंग प्रक्रिया और प्रशिक्षण से संबंधित निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे।

भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि सभी चरण नियमों के अनुरूप, निष्पक्ष और पारदर्शी रूप से सम्पन्न किए गए हैं। शारीरिक और लिखित दोनों परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी गई है। पुलिस विभाग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि चयन एवं प्रतीक्षा सूची विभागीय वेबसाइट या जिला पुलिस कार्यालय में देखी जा सकती है। साथ ही किसी भी प्रकार की शंका या जानकारी के लिए भर्ती शाखा से संपर्क करने की सलाह दी गई है। रायपुर पुलिस की इस भर्ती प्रक्रिया के पूर्ण होने के साथ जिले में पुलिस बल की क्षमता को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
Tags:    

Similar News