सक्ती। जिले से एक बेहद संवेदनशील और चिंताजनक मामला सामने आया है। सक्ती थाना क्षेत्र में 4 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में 14 वर्षीय नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह कोरबा भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्ची के परिजनों ने सक्ती थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान 14 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर बाल न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी और पीड़ित बच्ची के परिवारों के बीच पहले से परिचय था। दोनों परिवार एक ही समाज से जुड़े होने के कारण घर आना-जाना भी था। इसी परिचय और मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित बच्ची की मेडिकल जांच कराई जा रही है। साथ ही विशेषज्ञों के माध्यम से उसकी काउंसलिंग भी कराई जाएगी। जांच टीम मामले के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है ताकि सभी तथ्यों को सामने लाया जा सके। सक्ती एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि आरोपी और पीड़िता के परिवारों के बीच परिचय था। आरोपी का घर में आना-जाना भी था। सुनसान अवसर मिलने पर उसने इस घटना को अंजाम दिया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।