Raipur. रायपुर। रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन, नकदी और दोपहिया वाहन जब्त किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 मई 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को सूचना मिली थी कि पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कंकाली तालाब के पास एक व्यक्ति दोपहिया वाहन में बैठकर मोबाइल के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चला रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की और उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजू देवांगन बताया, जो रायपुर का निवासी है। पुलिस टीम ने जब आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने के प्रमाण मिले। जांच में सामने आया कि आरोपी Uncle777.com और Annapoorna Book नामक ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा साइट्स के लिंक और आईडी के माध्यम से सट्टा चला रहा था।
पुलिस ने आरोपी राजू देवांगन को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन, 20 हजार रुपए नकद और घटना में इस्तेमाल किया गया एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 90 हजार रुपए बताई गई है। इस मामले में थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 238/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और 8 के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू देवांगन पिता छोटूराम देवांगन, उम्र 37 वर्ष, निवासी आदर्श नगर कुशालपुर, थाना पुरानी बस्ती, जिला रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा सकती है। रायपुर पुलिस द्वारा ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा युवाओं को गलत दिशा में ले जा रहा है और इससे आर्थिक अपराध भी बढ़ रहे हैं। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।