Korba. कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रजगामार क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लापता 7 वर्षीय बच्ची का शव गुरुवार को करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची 19 अक्टूबर को घर के पास स्थित राशन दुकान से घरेलू सामान लेने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। शव मिलने के बाद पुलिस को शुरुआती जांच में हत्या की आशंका है। बच्ची का शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने के कारण यौन अपराध की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।

राशन दुकान जाने निकली थी मासूम
मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची का परिवार मूल रूप से सक्ती जिले का रहने वाला है। परिवार करीब चार महीने पहले रोजगार की तलाश में कोरबा जिले के रजगामार पहुंचा था। बच्ची के माता-पिता अपने चार बच्चों के साथ करीम पोल्ट्री फार्म में रहकर मजदूरी करते थे। इसी काम से परिवार का भरण-पोषण होता था। 19 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे बच्ची के पिता ने उसे घर के पास स्थित राशन दुकान से घरेलू सामान लाने के लिए भेजा था। बच्ची सामान लेने के लिए घर से निकली, लेकिन काफी देर बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटी। इसके बाद चिंतित परिजनों ने आसपास के इलाकों और परिचितों के यहां उसकी तलाश शुरू की। जब काफी खोजबीन के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने रजगामार पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

सीसीटीवी और डॉग स्क्वायड से भी नहीं मिला सुराग
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए अभियान शुरू किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की भी मदद ली, लेकिन शुरुआती दो दिनों तक बच्ची के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। इस बीच परिवार लगातार अपनी बेटी की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा था।

पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में मिला शव
गुरुवार को करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में बच्ची का शव मिलने की सूचना सामने आई। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। टीम ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर मामले से जुड़े संभावित साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्ची का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला है। इस वजह से उसके साथ यौन अपराध होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस संबंध में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करना होगा।

पिता बोले- हमारी किसी से दुश्मनी नहीं
घटना से बच्ची का परिवार गहरे सदमे में है। पिता ने बताया कि वे रोजगार की तलाश में दूसरे जिले से रजगामार आए थे। परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी के साथ आखिर क्या हुआ, यह उनकी समझ से बाहर है। कई दिनों की तलाश के बाद बेटी का शव मिलने से पूरा परिवार टूट गया है। पिता ने बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, बच्ची के लापता होने की शिकायत के बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान शव मिलने की जानकारी प्राप्त हुई। इसके बाद फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई गई है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह और किसी यौन अपराध की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही होगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बच्ची लापता होने के बाद किन परिस्थितियों में घटनास्थल तक पहुंची और उसकी मौत कैसे हुई।
Tags: