रेलवे ट्रैक पर मिला दिव्यांग युवक का शव, आत्महत्या की आशंका

छग

Update: 2026-07-14 16:06 GMT
Korba. कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में एक 30 वर्षीय दिव्यांग युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का शव दो टुकड़ों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही सर्वमंगला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला माना है। यह घटना सर्वमंगला चौकी क्षेत्र के 4 नंबर कुसमुंडा खदान गेट के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सर्वमंगला पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक की पहचान विकास नगर एमडी कॉलोनी निवासी खगेश उर्फ पिंटू बैरागी के रूप में की। खगेश की उम्र करीब 30 वर्ष थी। वह प्राथमिक स्कूल शिक्षक पुरुषोत्तम बैरागी का पुत्र था। परिजनों के मुताबिक, खगेश जन्म से ही बोलने में असमर्थ था और दिव्यांग था। परिजनों ने बताया कि सोमवार 13 जुलाई की सुबह खगेश घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिलने के बाद परिवार को घटना की जानकारी हुई।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटनास्थल पर किसी तरह के संघर्ष या विवाद के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्य सामने आ सकें। इसके अलावा युवक के घर से निकलने के बाद की गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Tags:    

Similar News