CG में पत्थर खदान में ब्लास्ट, घर में जा घुसा पत्थरों का ढेर

छग

Update: 2024-07-10 18:49 GMT
Durg. दुर्ग। दुर्ग जिले में पत्थर खदान में ब्लास्टिंग के कारण एक युवक के मकान की छत गिर गई। वहां खाना खा रहा एक बुजुर्ग बाल-बाल बच गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने खदान संचालक और ब्लास्टिंग करने वाले के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामला उतई थाना क्षेत्र के मुड़पार गांव का है। दरअसल, पीड़ित टीकाराम पिता तन्नु यादव ने पुलिस को बताया कि, उनके गांव में धीराजी देवी नाम से एक पत्थर खदान है। यहां ब्लास्टिंग में सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा जाता है। ब्लास्टिंग की तीव्रता इतनी अधिक होती है कि उससे आसपास क्षेत्र में बने घर तक हिल जाते हैं। घरों में लगी सीमेंट की शीट, कांच और खिड़कियां भी टूट जाती है। इससे काफी दूर तक धूल का गुबार उड़ता है। उसने बताया कि, मंगलवार दोपहर वो अपने घर पर था। इस दौरान
खदान में ब्लास्टिंग हुई।


इससे एक बड़ा सा पत्थर उड़कर उसकी घर की छत को तोड़ते हुए अंदर जा गिरा। उस समय टीकाराम के पिता तन्नु यादव घर के बरामदे में बैठकर खाना खा रहे थे। पत्थर उनके बगल से गिरा। यदि वह पत्थर पिता को लगता तो उनकी जान भी जा सकती थी। उतई पुलिस ने खदान संचालक आशीष यादव और पत्थर तोड़ने के लिए ब्लास्टिंग करने वाली कंपनी के ब्लास्टर पुनीत राम पाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसडीओपी आशीष बंछोर ने बताया कि, ब्लास्टिंग से उड़कर गिरे पत्थर से युवक का आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। जिला खनिज अधिकारी दीपक मिश्रा ने बताया कि, खदान में ब्लास्टिंग की जो डेंसिटी होती है। उसकी जांच के लिए डायरेक्टर जनरल माइंस सेफ्टी (डीजीएमएस) को लेटर लिखा है। इसका कार्यालय बिलासपुर में है। वहां से एक टीम आएगी और वो जांच करेगी कि ब्लास्टिंग के समय मानकों का ध्यान रखा गया था कि नहीं। ब्लास्टिंग के दौरान कितनी क्षमता का बारूद का उपयोग किया गया है। यदि मानकों का पालन नहीं किया गया होगा तो खदान संचालक और ब्लास्टिंग कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News

-->