3 करोड़ वसूल चुके थे ब्लैकमेलर, चार्टर्ड अकाउंटेंट ने किया सुसाइड
पढ़े पूरी खबर
मुंबई। सांताक्रूज इलाके में रहने वाले एक प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट राज मोरे ने आत्महत्या कर ली है. आरोप है कि उन्हें एक एडल्ट वीडियो के नाम पर लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था, जिससे मानसिक रूप से परेशान होकर उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया. राज मोरे ने तीन पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उन्होंने सबा कुरैशी और राहुल परनवानी नामक दो लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है. पुलिस ने इस आधार पर दोनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और वसूली (एक्सटॉर्शन) की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि राज मोरे से पिछले 18 महीनों में करीब 3 करोड़ रुपये की रकम वसूली गई थी. आरोप है कि राहुल परनवानी ने चुपके से राज के निजी वीडियो रिकॉर्ड किए, और फिर सबा कुरैशी के साथ मिलकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर भारी रकम ऐंठी. सूत्रों के मुताबिक, राज की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए सबा कुरैशी से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत और मेल-जोल बढ़ा. इस दौरान राहुल ने राज के निजी वीडियो बना लिए और फिर उन्हें धमकियां देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया.
मामला उस वक्त और गंभीर हो गया जब दोनों आरोपी राज के वाकोला स्थित घर जा पहुंचे. राज की मां के सामने ही उन्होंने राज के साथ मारपीट और गाली-गलौज की, साथ ही वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी. यह घटना राज पर मानसिक रूप से भारी पड़ी और शनिवार रात को उन्होंने जहर खाकर जान दे दी.