Durg. दुर्ग। जिले में चाकूबाजी की एक और घटना सामने आई है। रिसाली नगर निगम क्षेत्र के वार्ड-37 जोरातराई में शनिवार सुबह एक भाजपा नेता पर युवक ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में भाजपा नेता राजेंद्र सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
होटल में चाय पीते समय किया हमला
जानकारी के अनुसार राजेंद्र सिंह यादव शनिवार सुबह जोरातराई स्थित एक स्थानीय होटल में चाय पी रहे थे। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावर ने राजेंद्र यादव के गले पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। अचानक हुए इस हमले से होटल में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल राजेंद्र यादव को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज शुरू किया।
चार साल पहले थी आरोपी से दोस्ती
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक राजेंद्र यादव और आरोपी युवक के बीच करीब चार साल पहले दोस्ती थी। हालांकि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच बातचीत नहीं हो रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर किस वजह से आरोपी ने इतना बड़ा कदम उठाया। हमले के पीछे व्यक्तिगत विवाद, पुरानी रंजिश या अन्य कोई कारण है, इसकी जांच की जा रही है। स्थानीय स्तर पर इस घटना को रिसाली नगर निगम चुनाव से जोड़कर भी चर्चा की जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक चुनावी विवाद को हमले की वजह होने की पुष्टि नहीं की है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि उतई थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद यह हमला हुआ है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रिसाली क्षेत्र में हुई इस चाकूबाजी की घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता भी देखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हमले के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Tags: