Bilaspur. बिलासपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बिल्हा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए स्कूटी से अवैध रूप से परिवहन की जा रही 16.200 लीटर देशी शराब जब्त की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके साथ मौजूद एक अपचारी बालक को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार थाना बिल्हा में अपराध क्रमांक 401/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के कब्जे से 60 नग देशी प्लेन और 30 नग देशी मसाला शराब के पाव बरामद किए गए हैं। जब्त शराब की कुल मात्रा 16.200 लीटर तथा अनुमानित कीमत 9 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG10CD 4775 को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना बिल्हा पुलिस ने क्षेत्र में विशेष निगरानी शुरू की थी।

थाना प्रभारी के निर्देशन में गठित सिविल टीम लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क कर अवैध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही थी। पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि दगौरी शराब भट्ठी से दो युवक भारी मात्रा में शराब खरीदकर स्कूटी से ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई। पुलिस ने उडगन रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी को रोक लिया। पूछताछ में स्कूटी चालक की पहचान राजेन्द्र यादव (25 वर्ष), निवासी पत्थरखान भाठा, थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। उसके साथ एक अपचारी बालक भी सवार था।

तलाशी के दौरान स्कूटी पर रखे काले रंग के बैग से 60 नग देशी प्लेन शराब और स्कूटी की डिक्की से 30 नग देशी मसाला शराब बरामद हुई। कुल मिलाकर 90 पाव शराब जब्त की गई। पुलिस ने मौके पर ही शराब और वाहन को जब्त कर दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। पूछताछ के बाद आरोपी राजेन्द्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। अपचारी बालक के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिल्हा क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

बीट भ्रमण, जनसंपर्क और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर अवैध शराब बेचने और परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। हाल के दिनों में पुलिस की सख्ती के कारण शराब तस्करों और अवैध कारोबारियों में दहशत का माहौल है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक जी.एल. चन्द्राकर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश बंजारे, प्रीति पैकरा, करण राज बघेल, आरक्षक संतोष मरकाम तथा संजय निर्मलकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बिल्हा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं अवैध शराब का कारोबार संचालित हो रहा हो तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Tags: