बाइक सवार झपटमारों ने युवक का मोबाइल छीनकर फरार, मामला दर्ज

छग

Update: 2025-08-02 13:46 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला क्षेत्र में मोबाइल झपटमारी की घटना सामने आई है। सटर्न फेरोलाईस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत एक इलेक्ट्रिशियन से दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े मोबाइल फोन झपट लिया और फरार हो गए। पीड़ित युवक ने घटना की रिपोर्ट उरला थाने में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार झपटमारों की तलाश की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक विनायक चौक गुढियारी का निवासी है, जो उरला स्थित सटर्न फेरोलाईस प्रा. लि. कंपनी में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत है। उसने बताया कि घटना 30 जुलाई 2025 की शाम करीब 6 बजे की है। वह रोज की तरह ड्यूटी समाप्त कर अपने घर के लिए पैदल निकला था। उसी दौरान उसने अपने मित्र राहुल को फोन लगाने के लिए जेब से मोबाइल निकाला।

जैसे ही उसने मोबाइल हाथ में लिया, अचानक पीछे से एक काली रंग की मोटरसाइकिल में सवार दो अज्ञात व्यक्ति तेजी से उसके पास आए। बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति झपट्टा मारकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया। बाइक का नंबर CG 04 QB 3952 बताया जा रहा है, जिसे पीड़ित ने आंशिक रूप से पढ़ा और तुरंत पहचान कर लिया। बाइक सवार मोबाइल छीनते ही मौके से तेजी से फरार हो गए। पीड़ित युवक ने मोबाइल लूटने वालों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे बाइक से तेज रफ्तार में भाग निकले और उसका पीछा करना संभव नहीं हो सका। पीड़ित ने इस घटना की जानकारी तत्काल अपने दोस्तों राहुल और अंशुल को दी। इसके बाद आसपास के इलाके में मोबाइल की तलाश की, लेकिन जब कुछ पता नहीं चला, तो अंततः 2 अगस्त 2025 को थाने में आकर शिकायत दर्ज कराई।

छिना गया मोबाइल Vivo V50 मॉडल का है, जिसकी इंटरनल स्टोरेज 12/512 जीबी बताई जा रही है। फोन में Jio कंपनी का सिम कार्ड लगा हुआ था और मोबाइल की अनुमानित कीमत लगभग 30,000 रुपये बताई गई है। साथ ही मोबाइल का IMEI नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है। उरला थाना पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मोबाइल झपटमारी का अपराध दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और वाहन नंबर के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस प्रकार की घटनाएं लगातार शहर में बढ़ रही हैं, जिससे आमजन में दहशत का माहौल है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर चलते समय सतर्क रहें, मोबाइल या कीमती सामान का प्रयोग सावधानीपूर्वक करें और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही अपराधियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
Tags:    

Similar News