Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर से एक हैरान करने वाला चोरी का मामला सामने आया है। खरोरा थाना क्षेत्र स्थित मशहूर शेरे पंजाब ढाबे में इंसानियत दिखाना मैनेजर को महंगा पड़ गया। दरअसल, ढाबे के मैनेजर ने एक युवक को दया दिखाते हुए मुफ्त में खाना खिलाया, लेकिन वही युवक बाद में मैनेजर की बाइक चुराकर फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब 11 बजे एक युवक ढाबे पर पहुंचा और उसने भोजन किया। भोजन के दौरान उसने आर्थिक तंगी का हवाला देकर मैनेजर से पैसे न होने की बात कही। मैनेजर ने मानवता दिखाते हुए उसे मुफ्त में खाना खाने दिया। लेकिन इंसानियत का बदला देने के बजाय युवक ने बाहर खड़ी मैनेजर की बाइक पर नजर डाल दी। जैसे ही मौका मिला, उसने ढाबे के सामने खड़ी बाइक (नंबर CG 04 MJ 3556) को स्टार्ट किया और मौके से फरार हो गया।

CCTV कैमरे में पूरी वारदात कैद
ढाबे के बाहर लगे CCTV कैमरे ने पूरी घटना को रिकॉर्ड कर लिया। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि खाना खाकर बाहर निकला वही युवक धीरे-धीरे आसपास नजर दौड़ाता है और फिर मौका देखकर बाइक पर बैठकर उसे भगाकर ले जाता है। यह फुटेज पुलिस के लिए अहम सबूत साबित हो रहा है। बाइक चोरी की घटना के बाद ढाबे के मैनेजर ने तुरंत खरोरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी कृष्णा कुमार कुशवाहा ने बताया कि आरोपी युवक की पहचान करने के लिए न सिर्फ ढाबे का CCTV बल्कि आसपास के अन्य कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

इंसानियत को ठेस
ढाबे के मैनेजर ने जिस नीयत से युवक को मदद की थी, उसी युवक के धोखे ने उसे बड़ा झटका दिया है। यह घटना इंसानियत और भरोसे पर सवाल खड़े करती है कि आखिर जरूरतमंद की मदद करना कहीं मददगार के लिए नुकसानदेह न बन जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे समाज में गलत संदेश जाता है। खरोरा पुलिस ने चोरी के इस मामले को गंभीरता से लिया है। बाइक चोरी के मामलों में अक्सर पुलिस को कठिनाई होती है, क्योंकि चोर घटना के बाद वाहन को दूर ले जाकर बेच देते हैं या उसके पुर्जे अलग कर देते हैं। इसीलिए पुलिस ने आस-पास के कस्बों और गांवों में भी सूचना भेजी है और नाकाबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
Tags: