पुलिस की बड़ी सफलता: 98 हजार की उठाईगिरी के आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार
छग
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। जिले की अकलतरा पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर 98 हजार रुपए की उठाईगिरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को उनके गढ़ मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के भोलगड़ गांव से दबिश देकर पकड़ा। इस दौरान चोरी गई रकम में से 92 हजार रुपए नगद और घटना में प्रयुक्त यूनिकॉर्न बाइक भी बरामद कर ली गई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने जहां पीड़ित को बड़ी राहत दी है, वहीं इलाके में सक्रिय गिरोहों को कड़ा संदेश भी मिला है।
घटना का विवरण
पुलिस के अनुसार, फरहदा निवासी डोल नारायण पटेल ने 3 सितंबर 2025 को दोपहर करीब 12:30 बजे जिला सहकारी बैंक अकलतरा से एक लाख रुपए निकाले। राशि को उन्होंने थैले में रखकर मोटरसाइकिल की डिक्की में रखा और घर के लिए निकल पड़े। रास्ते में वे कपड़े की दुकान पर रुके, जहां से करीब 2000 रुपए की खरीदारी की। इसके बाद वे अग्रवाल किराना स्टोर पहुंचे और सामान खरीदने लगे। इसी दौरान जब उन्हें अचानक याद आया कि डिक्की में 98 हजार रुपए बचे हैं, तो वे तुरंत जाकर देखने लगे। लेकिन वहां पहुंचकर पाया कि थैला, जिसमें नकदी के साथ पासबुक, चेकबुक और अन्य दस्तावेज रखे थे, गायब है। अज्ञात चोर मौके से रकम पार कर चुके थे। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 423/2025, धारा 303 (2) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया गया और जांच शुरू की गई।
पुलिस की रणनीति और जांच
उठाईगिरी के इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे (IPS) ने तुरंत सायबर टीम और अकलतरा पुलिस को जांच के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अकलतरा क्षेत्र में लगे 500 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। टेक्निकल एनालिसिस और स्थानीय जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने पाया कि घटना को अनूपपुर जिले के भोलगड़ गांव के कुख्यात नट गिरोह के सदस्य ओमप्रकाश और सुमित सिसोदिया ने अंजाम दिया है। इसके बाद एक विशेष टीम को अनूपपुर रवाना किया गया।
दबिश और बरामदगी
सायबर टीम और अकलतरा पुलिस ने भोलगड़ गांव में दबिश देकर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी गए 98 हजार में से 92 हजार रुपए नगद और घटना में प्रयुक्त यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने बरामद रकम और वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी
ओमप्रकाश सिसोदिया उर्फ बच्चा पिता सीताराम, निवासी भोलगड़ थाना अनूपपुर, मध्यप्रदेश
सुमित सिसोदिया उर्फ बंदर पिता राधेश्याम (23 वर्ष), निवासी भोलगड़ थाना अनूपपुर, मध्यप्रदेश
दोनों आरोपियों से विस्तृत पूछताछ जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि इनके द्वारा किए गए अन्य अपराधों का भी खुलासा होगा।
पुलिस टीम का योगदान
इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, थाना अकलतरा प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रआर मनोज तिग्गा, विवेक सिंह, आरक्षक गिरीश कश्यप, माखन साहू, श्रीकांत सिंह और शहबाज खान की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के सभी सदस्यों के कार्य की सराहना की है।