दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की बड़ी पहल: 1052 कोचों में लग रहे अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे
छग
Bilaspur. बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा को लेकर एक अहम कदम उठाया है। रेलवे द्वारा 1052 यात्री कोचों में अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिससे रेल यात्रा को और अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाया जा सके। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सुरक्षित और स्मार्ट रेलवे’ (Safe and Smart Railway) के विजन के अनुरूप है, जिसके तहत भारतीय रेलवे का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। हाल ही में रेलवे बोर्ड ने पूरे देश में 74,000 यात्री डिब्बों और 15,000 लोकोमोटिव इंजनों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना की घोषणा की थी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने अपने इस मिशन के तहत कोचों के प्रमुख हिस्सों जैसे प्रवेश द्वार और निकास द्वार के पास हाई-क्वालिटी निगरानी कैमरे लगाने की शुरुआत कर दी है। आरक्षित कोचों में 4 और अनारक्षित कोचों में 6 कैमरे लगाए जा रहे हैं।
इन कैमरों की खासियत यह है कि ये कम रोशनी में भी स्पष्ट फुटेज रिकॉर्ड करने में सक्षम हैं। रेल मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे ही इस्तेमाल किए जाएं, ताकि निगरानी में कोई चूक न हो। इसके साथ ही ‘इंडियाएआई’ मिशन के अंतर्गत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के माध्यम से कैमरा फुटेज का विश्लेषण करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इससे सुरक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत तथा जवाबदेह बनाया जा सकेगा। कैमरे इंस्टॉल करते समय यात्रियों की निजता का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। रेलवे का यह कदम न केवल तकनीकी उन्नयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, बल्कि यह यात्रियों को मानसिक रूप से भी आश्वस्त करता है कि वे एक सुरक्षित वातावरण में यात्रा कर रहे हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की यह पहल दर्शाती है कि वह प्रत्येक रेलयात्रा को न सिर्फ सुविधाजनक, बल्कि अत्याधुनिक और पूरी तरह से सुरक्षित बनाने के लिए कटिबद्ध है। आने वाले समय में ऐसी ही और पहलें यात्रियों को बेहतर अनुभव देने में सहायक सिद्ध होंगी।