छत्तीसगढ़ में बड़ा खुलासा: ACB अफसर बनकर महिला अधिकारी से करोड़ों की ठगी
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी में एक सरकारी महिला अधिकारी से करोड़ों की ठगी का मामला सामने आने के बाद सियासी और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। ACB/EOW अधिकारी बनकर ठगी करने वाले मुख्य आरोपी हसन आबिदी को पुलिस ने गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड में लिया था, जिसकी अवधि समाप्त होने के बाद अब उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस पूरे मामले में छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा के एक अधिकारी के साथ आरोपी हसन आबिदी की व्हाट्सएप चैट वायरल हो रही है, जिसमें आपसी साठगांठ और वसूली रैकेट की सुनियोजित रणनीति का संकेत मिल रहा है। हालांकि, व्हाट्सएप चैट की आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने अभी तक नहीं की है।
टिकरापारा थाना में दर्ज एफआईआर के अनुसार, आरोपी हसन ने खुद को ACB/EOW (आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा) का अधिकारी बताकर महिला अधिकारी को फर्जी कार्रवाई और केस से बचाने का डर दिखाया, और करोड़ों रुपये की ठगी की। इस दौरान उसके राज्य पुलिस सेवा के एक डीएसपी रैंक अधिकारी के साथ नजदीकी संबंध और सहमति से ठगी को अंजाम देने की बात सामने आई है। हसन आबिदी की रिमांड अवधि के दौरान उसने कुछ अन्य प्रभावशाली नामों का भी खुलासा किया, जिससे पूरे प्रदेश में उगाही के संगठित नेटवर्क की आशंका गहराने लगी है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की जांच व्यापक स्तर पर की जा रही है और राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सियासी गलियारों में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं, क्योंकि यह मामला केवल एक ठगी का नहीं, बल्कि सिस्टम के भीतर भ्रष्टाचार की जड़ों तक पहुंचने का संकेत दे रहा है।