भानुप्रतापपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 लीटर महुआ शराब के साथ कोचिया गिरफ्तार
छग
Kanker. कांकेर। जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक उप निरीक्षक कैलाश पांडे अपने पुलिस स्टाफ के साथ 22 मार्च 2026 को कस्बा और देहात क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के तहत भ्रमण पर निकले थे। इस दौरान उनके साथ महिला प्रधान आरक्षक दिलेश्वरी ठाकुर, आरक्षक कोमल नुरूटी और पवन रेखा मौजूद थे। गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पिच्चेकटटा में एक व्यक्ति अपने घर के बाड़ी में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री करने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचने से पहले स्थानीय गवाहों को साथ लिया और विधिवत पंचनामा तैयार किया। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी, जहां एक व्यक्ति अपने घर के सामने संदिग्ध अवस्था में मिला। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम हरेश कुमार उयके (उम्र 39 वर्ष) निवासी ग्राम पिच्चेकटटा बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक सफेद रंग की 10 लीटर क्षमता वाली जरकीन में भरी हुई कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1000 रुपए बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी से शराब रखने और बेचने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में शराब को जब्त कर सीलबंद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। हालांकि, मामला जमानतीय श्रेणी में होने और सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों (अरनेश कुमार बनाम बिहार राज्य) के पालन में आरोपी को नोटिस देकर न्यायालय में उपस्थित होने के लिए पाबंद किया गया और रिहा कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।