खेल अकादमी में बाइचुंग भूटिया का दौरा, युवाओं को मिला प्रेरणा और मार्गदर्शन का मंच
छग
Raipur. रायपुर। भारत की जानी-मानी एल्युमीनियम उत्पादक कंपनी और वेदांता एल्युमीनियम की इकाई भारत एल्युमीनियम कंपनी लिमिटेड (बाल्को) ने कोरबा स्थित अपनी खेल अकादमी में भारतीय फुटबॉल के दिग्गज, पूर्व राष्ट्रीय कप्तान तथा अर्जुन पुरस्कार और पद्म सम्मानित बाइचुंग भूटिया की मेज़बानी की। यह दौरा बाल्को द्वारा जिले और आसपास के क्षेत्रों में एक मजबूत और टिकाऊ स्पोर्ट्स ईकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। बाइचुंग भूटिया का यह दौरा विशेष रूप से युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करने, उन्हें रोल मॉडल से जोड़ने और पेशेवर खेल संस्कृति से परिचित कराने पर केंद्रित रहा। इस अवसर पर 100 से अधिक युवा खिलाड़ी मौजूद रहे, जिन्हें खेल में तकनीक, अनुशासन, निरंतरता और मानसिक मजबूती के महत्व को समझने का अवसर मिला। खिलाड़ियों ने न केवल एक राष्ट्रीय आइकन से संवाद किया, बल्कि एक स्थायी और सफल खेल करियर की बारीकियों को भी जाना।
गौरतलब है कि बाल्को ने वर्ष 2024 में कोरबा में खेल अकादमी की शुरुआत एक रिहाइशी और डे-बोर्डिंग स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर के रूप में की थी। यहां फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और तैराकी जैसे खेलों में युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। यह अकादमी कोरबा नगर निगम, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, कोरबा और बाल्को के बीच हुए मैमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) के तहत स्थापित की गई है, जो सार्वजनिक और निजी साझेदारी के माध्यम से युवाओं के विकास की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। अकादमी में विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, एनआईएस-प्रमाणित कोच, स्पोर्ट्स साइंस सपोर्ट, फिजियोथेरेपी और मेडिकल केयर की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इसके साथ ही, खिलाड़ियों के लिए एक स्ट्रक्चर्ड न्यूट्रिशन प्रोग्राम भी लागू किया गया है, जिसके तहत दिन में छह बार संतुलित आहार दिया जाता है। वर्तमान में यह अकादमी कोरबा, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर जिलों के करीब 100 युवा एथलीटों को प्रशिक्षण दे रही है। कम समय में ही यह अकादमी एक प्रमुख ट्रेनिंग हब के रूप में उभर चुकी है और इसके खिलाड़ी राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। बाइचुंग भूटिया का स्वागत जिला प्रशासन और बाल्को प्रबंधन द्वारा किया गया। इस दौरान आशुतोष पांडे (आयुक्त, नगर निगम कोरबा), दीनू पटेल (जिला खेल अधिकारी) और विनय मिश्रा (अपर आयुक्त) सहित बाल्को के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। युवा खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए बाइचुंग भूटिया ने कहा कि खिलाड़ी जिस शहर या गांव से आते हैं, उससे उनके सपनों की ऊंचाई तय नहीं होती।
उन्होंने छोटे शहरों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए कहा कि अनुशासन, आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों से उपलब्ध सुविधाओं का पूरा लाभ उठाने और लगातार मेहनत करने का आह्वान किया। वहीं, आयुक्त आशुतोष पांडे ने खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को न केवल खेल में बल्कि जीवन में भी अनुशासित और जिम्मेदार बनाते हैं। अकादमी की 17 वर्षीय फुटबॉल प्रशिक्षु सुगंधित लाकड़ा ने इस अनुभव को बेहद प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि बाइचुंग भूटिया से मिलने के बाद उनका आत्मविश्वास और समर्पण दोनों बढ़ा है।
इस अवसर पर बाल्को के सीईओ एवं डायरेक्टर राजेश कुमार ने कहा कि कंपनी खेलों को संपूर्ण विकास का अहम हिस्सा मानती है और युवाओं को बेहतर अवसर देने के लिए लगातार निवेश कर रही है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी अन्य खेलों, विशेषकर तीरंदाजी, पर केंद्रित ऐसे सत्र आयोजित किए जाएंगे। बाल्को खेल अकादमी के अलावा, कंपनी विभिन्न समुदायों में स्पोर्ट्स किट वितरण और जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के प्रयास भी कर रही है। बाल्को का मानना है कि सरकार, उद्योग और समाज के साझा प्रयासों से ही युवाओं के लिए एक मजबूत और प्रेरक खेल वातावरण तैयार किया जा सकता है।