बेमेतरा पुलिस का विशेष अभियान: “सशक्त एप” से 1,471 वाहनों की जांच

छग

Update: 2026-01-09 15:24 GMT
Bemetara. बेमेतरा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (भा.पु.से.) बेमेतरा रामकृष्ण साहू के निर्देशन में जिले में सशक्त एप के माध्यम से एक विशेष सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य न केवल यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना है, बल्कि गुम या चोरी हुए वाहनों की पहचान कर उन्हें बरामद करना और जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना भी है। इस अभियान का नेतृत्व एसडीओपी बेरला विनय कुमार, डीएसपी राजेश कुमार झा और डीएसपी कौशिल्या साहू ने किया। समस्त थाना/चौकी प्रभारी, यातायात टीम, साइबर सेल और पेट्रोलिंग पार्टियों ने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहनों की चेकिंग की।

07 जनवरी 2026 को जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में “सशक्त एप” का उपयोग कर कुल 1,471 वाहनों की जांच की गई। इसमें थाना बेमेतरा में 310, थाना बेरला में 70, थाना साजा में 351, थाना खम्हरिया में 40, थाना परपोडी में 15, थाना चंदनू में 30, थाना नवागढ़ में 29, थाना नांदघाट में 110, चौकी खंडसरा में 35, चौकी देवरबीजा में 55, चौकी देवकर में 70, चौकी कंडरका में 58, चौकी मारो में 25, चौकी संबलपुर में 25 और यातायात बेमेतरा में 248 वाहन शामिल थे। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 19 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इनमें थाना साजा में 03 चालान, चौकी कंडरका में 07 चालान और यातायात बेमेतरा में 09 चालान शामिल हैं। कुल 19 प्रकरणों में 6,700 रुपये समन शुल्क वसूला गया। इस कार्रवाई में थाना/चौकी प्रभारी, यातायात प्रभारी निरीक्षक प्रवीण खलखो, सउनि मोहन साहू सहित समस्त यातायात टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।

बेमेतरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करें। पुलिस ने विशेष रूप से कहा कि पीकअप या मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाएं, मोटरसाइकिल में मोडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न करें, नाबालिक बच्चों को वाहन न चलाने दें, बिना नंबर के वाहन न चलाएं, सीट बेल्ट और हेलमेट का उपयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और नशे की हालत में वाहन न चलाएं। एसएसपी रामकृष्ण साहू ने बताया कि वाहन चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा और इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा बढ़ाना तथा जिले में कानून का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। पुलिस ने आश्वासन दिया कि आम नागरिकों का सहयोग सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण है और “सशक्त एप” के माध्यम से अभियान और अधिक प्रभावी रूप से चलाया जाएगा।
Tags:    

Similar News