Raipur. रायपुर। राजधानी से लगे ग्राम मनोहरा में बुधवार शाम एक बैटरी किराये के पैसों को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक मारपीट और गाली-गलौज में बदल गया। इस घटना में दो युवकों को चोटें आई हैं। पीड़ितों ने मामले की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई है और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मनोहरा निवासी पीड़ित युवक ने बताया कि वह कक्षा 8वीं तक पढ़ाई करने के बाद खेती-किसानी और अन्य छोटे-मोटे काम करता है। बुधवार दिनांक 27 अगस्त 2025 को शाम करीब 6:50 बजे उसका मित्र सत्या साहू उसके पास आया और बताया कि गांव के ही रामकरण साहू ने 12 दिनों तक एक बैटरी किराये पर रखी थी, जिसका किराया अभी तक नहीं दिया है। किराया रकम 2200 रुपये बन रही थी, लेकिन पिछले डेढ़ महीने से रामकरण साहू भुगतान करने से बच रहा था।
दोनों दोस्त इस विषय में बातचीत करने रामकरण साहू के पास जाने निकले। पीड़ित अपने मोटरसाइकिल पर सत्या साहू को बैठाकर फोकटपारा हनुमान मंदिर के पास पहुंचे। वहां गणेश पंडाल के पास रामकरण साहू अपने कुछ साथियों के साथ खड़ा था। जैसे ही सत्या साहू ने उससे बैटरी का किराया मांगा, विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि रामकरण साहू ने पहले तो बात करने से इनकार कर दिया और गुस्से में आकर पीड़ित की मोटरसाइकिल को धक्का देकर गिरा दिया। पीड़ित ने इसका विरोध करते हुए पूछा कि मोटरसाइकिल क्यों गिराई, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। काफी देर तक बहस के बाद रामकरण साहू केवल 1000 रुपये देने के लिए तैयार हुआ। सत्या साहू ने मजबूरी में वह रकम ले ली। मामला निपट गया समझकर दोनों युवक वहां से लौटने की तैयारी कर ही रहे थे कि विवाद अचानक और बढ़ गया।
पीड़ित का आरोप है कि जैसे ही वे मोटरसाइकिल पर बैठे, तभी रामकरण साहू, रतन साहू और उनके अन्य साथी वहां पहुंचे और उसे जबरन खींचकर बाइक से नीचे उतार दिया। आरोपियों ने कहा – "तुमने हमारी मोटरसाइकिल गिराने की बात उठाई, बहुत हीरो बन रहे हो" – कहकर मां-बहन की अश्लील गालियां देना शुरू कर दीं। पीड़ित ने विरोध किया तो उस पर और उसके दोस्त पर हमला कर दिया गया। बताया जा रहा है कि रामकरण साहू और रतन साहू ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित युवक को जमकर मारा-पीटा। आरोपियों ने हाथ और मुक्कों से हमला कर उसके सिर और चेहरे पर चोट पहुंचाई। जब सत्या साहू ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उसे भी पीटा गया, जिससे उसके चेहरे, गले और कमर पर गंभीर चोटें आईं। घटना को आसपास के कई ग्रामीणों ने देखा और सुना। हालांकि बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन पीड़ित और उसका दोस्त घायल हो गए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस थाने पहुंचकर पूरी घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
रिपोर्ट में पीड़ित ने साफ तौर पर कहा है कि उसे और उसके दोस्त को न केवल गालियां दी गईं बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी गई। यह पूरा विवाद केवल बैटरी किराये के पैसों को लेकर शुरू हुआ था, लेकिन आरोपियों ने आपसी रंजिश में मामला बिगाड़ते हुए हिंसक रूप दे दिया। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उसने कहा है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और गंभीर वारदात हो सकती है। गांव के लोगों का कहना है कि गणेश पंडाल के पास जहां घटना हुई, वहां काफी भीड़ रहती है और ऐसे विवाद से माहौल बिगड़ता है। ग्रामीणों ने भी पुलिस से गुंडागर्दी करने वाले युवकों पर लगाम कसने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मेडिकल परीक्षण के लिए दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस आरोपियों को जल्द ही पूछताछ के लिए बुला सकती है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।