होली पर बस्तर पुलिस अलर्ट, जगदलपुर की सड़कों में 400 जवान रहेंगे तैनात
छग
Jagdalpur. जगदलपुर। रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए बस्तर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। इस वर्ष 2 तारीख की रात को होलिका दहन किया जाएगा, जबकि 3 और 4 तारीख को रंगोत्सव मनाया जाएगा। त्योहार के मद्देनजर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 400 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है। पुलिस के ब्लैक पैंथर दस्ते द्वारा मोटरसाइकिल से लगातार गश्त की जाएगी, ताकि संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी प्रभावी निगरानी बनी रहे। इसके अलावा पेट्रोलिंग वाहन शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर सर्चिंग करेंगे। संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने साफ निर्देश जारी किए हैं कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विभिन्न चौक-चौराहों पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी। यदि किसी चालक के शराब सेवन की पुष्टि होती है तो उसका वाहन जब्त कर लिया जाएगा और तीन दिनों तक छोड़ा नहीं जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
शहर में रंगों की दुकानों को भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सार्वजनिक सुरक्षा के मद्देनजर मास्क की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, ताकि असामाजिक तत्व अपनी पहचान छिपाकर किसी प्रकार की अवैध गतिविधि न कर सकें। इसके साथ ही शहर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम से चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
होलिका दहन को लेकर माड़पाल क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। यहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में कोतवाली थाना जगदलपुर से सभी थाना प्रभारी, सुरक्षा कर्मी, सीएसपी, एसडीओपी, डीएसपी और एएसपी की मौजूदगी में शहर में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान लगभग 400 जवानों ने प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य जनता में विश्वास कायम करना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना था। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि होली का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द्र और शांति के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि होली खुशियों और प्रेम का त्योहार है, इसे सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।