साइबर ठगी मामले में बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता, मुंबई से तीन आरोपी गिरफ्तार
छग
Jagdalpur. जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए मुंबई से तीन शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुंबई पुलिस के सहयोग से की गई, जिसमें दो मुख्य आरोपी और एक साइबर गिरोह के सदस्य को पकड़ा गया है। गिरफ्तार आरोपियों में मो. इमरान अंसारी, अलीमुद्दीन अंसारी उर्फ अलीम (निवासी जामताड़ा, झारखंड) और राजकुमार गौतम (निवासी उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 56 एटीएम कार्ड, 8 मोबाइल फोन और 92 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। साइबर ठगों ने जगदलपुर के एक पीड़ित के मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड कराई थी। इसके जरिए उन्होंने पीड़ित के बैंक अकाउंट की जानकारी हासिल कर साढ़े सात लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। सीएसपी आकाश श्रीश्रीमाल ने बताया कि इस मामले में पहले ही मास्टरमाइंड अब्दुल मजीद (निवासी जामताड़ा, झारखंड) समेत दो अन्य को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस तरह अब तक कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।