रायपुर: होटल कारोबारी दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है. ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी मामले में रायपुर की तेलीबांधा पुलिस ने पूछताछ के बाद बरखा टंडन को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है. इधर सक्ती जिले में कोयला कारोबारी से ठगी मामले में दीपक टंडन के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज हुई है.
दरअसल, दोनों आरोपियों के खिलाफ एकाएक धोखाधड़ी समेत कई अपराधिक मामले सामने आए हैं. रायपुर में कुल 3 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है. इसी संबंध में तेलीबांधा पुलिस बरखा टंडन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी. साक्ष्यों से पुष्टि के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. अब दीपक टंडन की पत्नी बरखा को कोर्ट में पेश किया जाएगा.
बिलासपुर और रायपुर के बाद अब सक्ति जिले में होटल कारोबारी दीपक टंडन के खिलाफ कोयला कारोबारी से ठगी का मामला सामने आया है. कोयला का बड़ा टेंडर दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप है. कोतवाली थाना में कोयला कारोबारी किशन शर्मा ने शिकायत की है, जिसके आधार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है.
जानकारी के मुताबिक, अंबेडकर उर्फ दीपक टंडन ने कोयला कारोबार से जुड़े किशन शर्मा को कोयला का बड़ा टेंडर दिलाने का झांसा दिया. इसके एवज में 15 लाख रुपये लिए गए. लेकिन काफी समय बाद भी न टेंडर दिया गया और न ही पैसे वापस किए गए. सक्ति पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है.
Tags: