ऑनलाइन सट्टा पर बैक टू बैक कार्रवाई, धरमजयगढ़-कोतवाली से 2 आरोपी गिरफ्तार
छग
जनता से रिश्ता की खबर का असर, हमारी खबर सच निकली
विगत 13 सालों से लगातार ऑनलाइन सट्टे पर किया बड़ा खुलासा
कोतवाली सट्टा गिरोह में जनता से रिश्ता की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई
जनता से रिश्ता की पड़ताल सही निकली, पुलिस ने सट्टा गिरोह के डिजिटल लेन-देन भी जब्त किए
जनता से रिश्ता की खबर ने पुलिस को जुटाया, सट्टा पट्टी संचालकों पर कड़ा प्रहार
रायगढ़ में ऑनलाइन सट्टा का पर्दाफाश: जनता से रिश्ता रिपोर्ट के बाद गिरफ्तारियां
Raigarh. रायगढ़। रायगढ़ जिले में ऑनलाइन सट्टा और जुआ के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में धरमजयगढ़ और कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग बैक टू बैक कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
धरमजयगढ़ मामला: धरमजयगढ़ पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि मस्जिदपारा निवासी विरेन्द्र मिश्रा (36 वर्ष) अपने मोबाइल फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव के नेतृत्व में टीम ने दबिश दी। आरोपी को सट्टा पट्टी लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया, और उसके मोबाइल में विभिन्न व्यक्तियों से अंकों एवं रकम का लेन-देन पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल और फोन पे के माध्यम से सट्टा खिलाने की बात स्वीकार की।
इस मामले में आरोपी से एक मोबाइल फोन और ₹870 नगद जब्त किया गया। कार्रवाई छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत की गई और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। कार्रवाई में धरमजयगढ़ पुलिस टीम के साथ एएसआई मंजू मिश्रा, डेविड टोप्पो, सउनि एसके वर्मा, प्रधान आरक्षक सुदो भगत, आरक्षक कमलेश राठिया, किशोर राठौर और लालजीत राठिया शामिल रहे।
कोतवाली मामला: कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ढिमरापुर पुरानी बस्ती निवासी श्यामलाल भास्कर (55 वर्ष) अपने मोबाइल फोन के माध्यम से सट्टा पट्टी नामक जुआ संचालित कर रहा है। मौके पर पुलिस टीम ने आरोपी को व्हाट्सएप पर जुआ खेलाते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने यह स्वीकार किया कि वह सहनावाज मालिक उर्फ सानु के माध्यम से सट्टा संचालित कर रहा था और कमीशन प्राप्त कर रहा था।
इस मामले में आरोपी से एक मोबाइल फोन, ₹1750 नगद और सट्टा पट्टी लिखित कागज जब्त किया गया। आरोपी श्यामलाल भास्कर के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6(क) और 7(1) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। सहनावाज मालिक उर्फ सानु फिलहाल फरार है। दोनों मामलों में डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि “ऑनलाइन सट्टा एवं जुआ जैसे अवैध कृत्यों में संलिप्त आरोपियों पर रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।” इस अभियान के तहत पुलिस ने यह संदेश दिया कि जिले में ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा संचालित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अवैध जुआ और सट्टा पर नियंत्रण रखने के लिए कार्रवाई तेज की जा रही है। इस कार्रवाई से जिले में अवैध सट्टा नेटवर्क पर स्पष्ट चेतावनी गई है और आम नागरिकों को यह संदेश भी दिया गया कि किसी भी संदिग्ध सट्टा या जुआ गतिविधि की सूचना पुलिस को तुरंत दें।