कोरबा में लूट की कोशिश, युवक की बहादुरी से एक आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2025-06-26 17:48 GMT
Korba. कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत दादर इलाके में शनिवार देर शाम लूट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसमें बाइक सवार तीन बदमाशों ने दो युवकों से मोबाइल और नगदी लूटने का प्रयास किया। हालांकि पीड़ितों में से एक युवक ने साहस का परिचय देते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हो गए।

घटना का विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दादर निवासी दिवाकर कुमार प्रजापति और ममता (सूरजपुर) निवासी करण सिंह, जो कि दादर स्थित गल्बे कंपनी में सुपरवाइजर है, बाइक से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे मरकाम बाजार रोड स्थित विद्युत सब स्टेशन के पास पहुंचे, पीछे से तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर आए और उन्हें रास्ते में रोक लिया। तीनों युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने पीड़ितों से पैसों की मांग की। जब दिवाकर ने मना किया तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी और करण सिंह का मोबाइल फोन छीन लिया। इसी दौरान करण ने साहस दिखाते हुए एक युवक से भिड़ गया और उसकी बाइक की चाबी छीन ली। इससे घबराकर दो आरोपी भाग निकले, जबकि एक आरोपी मौके पर ही पकड़ा गया।

पुलिस की तत्परता
पीड़ितों ने तत्काल मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी नवीन पटेल मौके पर पहुंचे और एक आरोपी मोहन टंडन (18 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। मोहन टंडन के पास से वारदात में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की बाइक के आगे नंबर प्लेट नहीं थी, जबकि पीछे की नंबर प्लेट को कपड़े से ढका गया था ताकि पहचान न हो सके। पुलिस ने मोहन टंडन के खिलाफ लूट और मारपीट का मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि वे फरार आरोपियों से संबंधित कोई जानकारी रखते हों, तो तत्काल मानिकपुर चौकी या नजदीकी थाने को सूचना दें।
Tags:    

Similar News