Janjgir-Champa जांजगीर-चंपा: जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में चोरी की नीयत से घर में घुसे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान हरदीहरि निवासी सुनील कश्यप (35) के रूप में हुई है। घटना 28 मई की रात करीब 1:30 बजे ग्राम अमोदा की बताई जा रही है। प्रार्थी शत्रुघ्न करियरे अपने घर के आंगन में सो रहे थे, तभी एक युवक चोरी की नीयत से घर में घुस आया। आरोपी ने घर के अंदर और बाहर जल रहे बल्बों को निकालकर फेंक दिया ताकि अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी की जा सके।
इसी दौरान घर के भीतर हुई हलचल से गृहस्वामी की नींद खुल गई और उन्होंने आरोपी को देख लिया। पकड़ने का प्रयास करने पर आरोपी ने उन्हें धक्का दिया और मौके से भाग निकला। भागते समय वह अपनी मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, गमछा और चप्पल घटनास्थल पर ही छोड़ गया। पुलिस के अनुसार, मौके पर छोड़े गए सामान के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने चोरी की नीयत से घर में घुसने की बात स्वीकार कर ली है। नवागढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।