तिवरैया चौक में लूट की नीयत से हमला, सुपरवाइजर समेत तीन लोग घायल

छग

Update: 2025-08-17 18:41 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के धरसीवा थाना क्षेत्र के तिवरैया चौक में शनिवार देर रात लूट की नीयत से हमला और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में सौर्य इस्पात कंपनी में सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत युवक समेत उसके दो परिचित गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक, अटल आवास कुंरा निवासी पीड़ित युवक सौर्य इस्पात किरना (थाना तिल्दा) में सुपरवाइजर है। वह रोज सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक ड्यूटी करता है और कंपनी की बस से आना-जाना करता है। 16 अगस्त की रात भी वह ड्यूटी खत्म कर बस से तिवरैया चौक तक पहुंचा। करीब 8:45 बजे बस से उतरकर वह घर की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल में सवार दो युवक वहां पहुंचे और रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब पीड़ित ने मना किया तो उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर दोनों ने हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी और जेब में रखे मोबाइल को लूटने की कोशिश की। हालांकि पीड़ित ने धक्का देकर खुद को बचा लिया।

“तिवरैया का लक्की हूं, मुझे नहीं जानते क्या…”
हमले के बीच एक आरोपी ने अपना नाम लक्की बताया और धमकाते हुए कहा- “तुम मुझे नहीं जानते क्या, मैं तिवरैया का लक्की हूं”। इसके बाद उसने अपने साथी विमल से कहा कि अन्य लड़कों को बुलाओ। फोन कर कुछ ही देर में उनके और साथी वहां पहुंच गए। जैसे ही हमला बढ़ा, पीड़ित ने अपने परिचित सत्यम मानिकपुरी और उसके भाई आशिष मानिकपुरी को फोन कर बुलाया। दोनों मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश करने लगे।

डंडा, बेल्ट और हेलमेट से हमला
लेकिन तभी लक्की और उसके साथी और ज्यादा आक्रामक हो गए। उन्होंने डंडा, बेल्ट और हेलमेट से पीड़ित व उसके परिचितों पर हमला कर दिया। सत्यम मानिकपुरी पर पत्थर से वार कर पेट में चोट पहुंचाई गई। वहीं, आशिष मानिकपुरी के हाथ की कलाई में गंभीर चोट आई। पीड़ित को भी कंधे, कलाई और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें लगीं। घटना के दौरान तिवरैया निवासी इरफान खान भी मौके पर पहुंचा। जब उसने स्थिति को देखा और मदद की बात कही तो हमलावर लक्की, विमल और उनके साथी वहां से भाग निकले। घायल तीनों लोगों को आसपास के लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने दर्ज किया अपराध
पीड़ित युवक ने पूरी घटना की रिपोर्ट धरसीवा थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने उसके बयान के आधार पर मामला दर्ज किया। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपियों ने न केवल मोबाइल लूटने का प्रयास किया, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। धरसीवा थाना पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान हो गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित और दोनों परिचितों को मेडिकल जांच के बाद इलाज के लिए भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान भी दर्ज किए हैं।
Tags:    

Similar News