रायपुर में पुलिसकर्मी पर हमला: शराब पीकर हुल्लड़ मचाने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2025-09-13 13:20 GMT
Raipur. रायपुर। न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 11 सितम्बर 2025 की रात्रि अमलीडीह स्थित शराब भट्ठी के पास सेंट जोसेफ कालोनी रोड की है, जहाँ कुछ शरारती युवक शराब पीकर हुल्लड़बाजी कर रहे थे। सूचना मिलने पर डॉयल 112 वाहन में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुँचा और उन्हें समझाइश देने का प्रयास किया। लेकिन शराब के नशे में धुत युवकों ने पुलिसकर्मी से वाद-विवाद शुरू कर दिया और उसे अश्लील गालियाँ देने लगे।
आरोपियों ने पुलिसकर्मी से कहा कि “तुम लोग जबरदस्ती परेशान करते हो, हम तुम्हें नहीं जानते।” इसके बाद उन्होंने अपना नाम अरुण चौहान, राजेश यादव, राहुल दीवान और रविन्द्र भगत बताया। आरोप है कि चारों ने पुलिसकर्मी को जान से मारने की धमकी दी, अपने पास रखे कटर को दिखाया, और उसके साथ हाथ, मुक्का तथा हाथ में पहने कड़ा से मारपीट की। इस दौरान पुलिसकर्मी को चोट लगी और उसकी वर्दी भी फाड़ दी गई।
इस घटना के बाद पुलिसकर्मी की रिपोर्ट पर न्यू राजेन्द्र नगर थाने में अपराध क्रमांक 216/25 दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 121 (सरकारी कर्मचारी के कर्तव्य में बाधा), 132 (सरकारी कार्य में बाधा डालना), 221 (हथियार दिखाकर धमकी देना), 296 (अश्लील गाली-गलौज), 351(2) (शारीरिक हमला), 115(2) (जान से मारने की धमकी), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी न्यू राजेन्द्र नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई—
अरुण कुमार चौहान (28 वर्ष), निवासी ग्राम गोडपाली, थाना पटेवा, जिला महासमुंद।
राजेश यादव उर्फ छोटू (24 वर्ष), निवासी ग्राम नरतोरा, थाना पटेवा, जिला महासमुंद।
राहुल दीवान उर्फ रामू (20 वर्ष), निवासी ग्राम नरतोरा, थाना पटेवा, जिला महासमुंद।
रविन्द्र कुमार भगत (40 वर्ष), निवासी ग्राम गुमतेल, थाना मनोरा, जिला जशपुर।
चारों आरोपी वर्तमान में बजाज कॉलोनी दुर्गा मंदिर के पास, न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर में रह रहे थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट और धमकी देने की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाएगा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि शराब के नशे में असामाजिक गतिविधियाँ किस तरह आम नागरिकों और पुलिस पर खतरा बनती जा रही हैं। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई का स्वागत किया है और कहा कि क्षेत्र में ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाना आवश्यक है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे मामलों की सूचना तुरंत दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
Tags:    

Similar News