विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विनोद कुमार शुक्ल के निधन पर जताया दुःख

छग

Update: 2025-12-23 17:53 GMT
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रख्यात साहित्यकार और ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित विनोद कुमार शुक्ल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। डॉ. सिंह ने कहा कि विनोद कुमार शुक्ल जी का अचानक जाना हृदय को स्तब्ध कर देने वाला समाचार है और इसे स्वीकार करना बेहद कठिन है। उन्होंने बताया कि विनोद कुमार शुक्ल जी ने अपनी साहित्यिक यात्रा में हिंदी साहित्य को अत्यंत समृद्ध किया। उनकी लेखनी ने समाज के आम जीवन, मानवीय संवेदनाओं और साधारण जीवन के अद्भुत पहलुओं को शब्दों में पिरोया। उनके साहित्यिक योगदान ने छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि संपूर्ण भारतीय साहित्य जगत को गौरवान्वित किया। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि शुक्ल जी का साहित्य भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत रहेगा।

उनकी रचनाएँ केवल कथानक और कविता नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों, संवेदनाओं और जीवन की जटिलताओं को समझने का माध्यम हैं। उनके जाने से साहित्य जगत एक महान व्यक्तित्व और मार्गदर्शक को खो गया है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को बैकुंठ धाम में स्थान दें और उनके शोक संतप्त परिवार, मित्रों और असंख्य पाठकों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करें। डॉ. सिंह ने यह भी कहा कि विनोद कुमार शुक्ल की साहित्यिक धरोहर हमेशा जीवित रहेगी और उनके योगदान को याद किया जाता रहेगा। प्रदेशभर में साहित्य प्रेमियों और सांस्कृतिक संगठनों द्वारा विनोद कुमार शुक्ल को श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है। उनका साहित्य भावनाओं और संवेदनाओं की गहराई को पाठकों तक पहुँचाता रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
Tags:    

Similar News