Bilaspur. बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने और विरोध करने पर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार बिहार के गया जिले के ग्राम बुधौर निवासी अनिल दास वर्तमान में विंध्यासर, थाना सकरी क्षेत्र में रहकर मजदूरी का काम करता है। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 17 मई को अपने साथी सुनील दास के साथ सकरी साप्ताहिक बाजार में राशन सामग्री खरीदने गया था। दोनों सामान लेकर वापस अपने निवास की ओर लौट रहे थे।

इसी दौरान लाखासार मोड़ के पास दो आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों की पहचान ईश्वर यादव उर्फ सत्तु और संजीत जांगड़े उर्फ विक्कू के रूप में हुई है। आरोप है कि दोनों ने पीड़ित और उसके साथी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब पीड़ित ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्के व लाठी से हमला कर दिया। मारपीट में पीड़ित को चोटें आईं, जिसके बाद उसने किसी तरह मौके से बचकर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सकरी पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना सकरी पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस टीम ने आरोपी ईश्वर यादव उर्फ सत्तु (उम्र 24 वर्ष), निवासी ग्राम काठाकोनी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि दूसरे आरोपी संजीत जांगड़े उर्फ विक्कू की तलाश की जा रही है। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए गश्त बढ़ाई जाएगी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags: