दुर्ग बस स्टैंड में मारपीट और लूटकांड, 24 घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार
छग
Durg. दुर्ग। नया बस स्टैंड दुर्ग के पास कार सवार युवकों से मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट करने वाले आरोपियों के खिलाफ पद्मनाभपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, घटना में प्रयुक्त कटर और अर्बानिया मिनी बस भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, घटना 18 अगस्त 2026 की तड़के करीब 3 से 3:30 बजे के बीच की है। प्रार्थी सूरज साहू पिता सतानंद साहू उम्र 31 वर्ष निवासी बोरसी पद्मनाभपुर अपने साथियों रवि साहू, राहुल साहू और राजा के साथ अपनी बलेनो कार क्रमांक CG11/AN/2387 में नया बस स्टैंड दुर्ग के पास बैठा हुआ था।
इसी दौरान एक अर्बानिया मिनी बस क्रमांक CG07CY9600 वहां पहुंची और कार के पास खड़ी हो गई। बस का दरवाजा खोलने के दौरान कार में डेंट लग गया। इस पर प्रार्थी के साथी रवि साहू ने दरवाजा सावधानी से खोलने की बात कही। इसी बात को लेकर बस में सवार चार लोगों ने विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि चारों आरोपियों ने एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए कार सवार युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान रवि साहू और राजा को चोटें आईं। आरोपियों ने धारदार कटर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और प्रार्थी का सैमसंग मोबाइल तथा उसके साथी का आईक्यू (IQ) मोबाइल लूट लिया। इसके बाद आरोपियों ने कार में तोड़फोड़ करते हुए कांच तोड़ दिए और डैशबोर्ड में रखे 5 हजार रुपये नगद भी निकाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी अर्बानिया मिनी बस में बैठकर मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रार्थी ने थाना पद्मनाभपुर में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 470/2026 दर्ज किया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6), 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। पद्मनाभपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल सभी चार आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए गए बालिग आरोपियों में कोमल निषाद पिता जगदीश निषाद उम्र 32 वर्ष निवासी कुंदरा पारा दुर्ग और पूरन निषाद पिता पुनीत राम निषाद उम्र 19 वर्ष निवासी कुंदरा पारा दुर्ग शामिल हैं। वहीं दो नाबालिग आरोपियों को विधि से संघर्षरत बालक होने के कारण किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया एक सैमसंग मोबाइल, एक आईक्यू मोबाइल, घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार कटर और अर्बानिया मिनी बस क्रमांक CG07CY9600 जब्त की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई में थाना पद्मनाभपुर पुलिस टीम की त्वरित जांच और पतासाजी के कारण घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। पुलिस ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि देर रात संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्वों के जमावड़े या किसी भी अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना दें।