ASP का बड़ा ब्यान: स्कूल हमले में पुलिस का एक्शन, तीन नाबालिग गिरफ्तार
एडिशनल SP अनिल सोनी ने किया खुलासा
Raigarh रायगढ़। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला चक्रधरनगर में छात्र से मारपीट और चाकू जैसे हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को दोपहर के समय स्कूल में लंच ब्रेक चल रहा था। इसी दौरान 6-7 बाहरी युवक स्कूल की दीवार फांदकर परिसर में घुस आए। आरोप है कि इन युवकों ने कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले 16 वर्षीय छात्र को कक्षा से बाहर बुलाया।
बताया गया कि बाहर बुलाने के बाद दो युवकों ने छात्र पर चाकू जैसे हथियार से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। हमले में छात्र की कमर के नीचे चोट आई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत चक्रधरनगर थाना पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने स्कूल में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें हमलावरों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने साथ आए एक अन्य युवक के बारे में जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए तीनों आरोपी नाबालिग हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि घायल छात्र और आरोपियों के बीच पहले से पहचान थी। कुछ समय पहले हुए विवाद को लेकर मारपीट की घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है। घायल छात्र की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। उसका इलाज जिला अस्पताल रायगढ़ में जारी है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। स्कूल प्राचार्य के आवेदन पर चक्रधरनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।