घर में घुसकर लूटपाट करने वाले अरेस्ट, पूछताछ में कबूला जुर्म

Update: 2022-11-23 09:12 GMT

जांजगीर-चांपा। जिले में घर में घुसकर लूट करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन्होंने चाकू की नोक पर पैसे और जेवर लूटे थे। इसके बाद ATM में घुसकर वहां भी तोड़फोड़ की थी और पैसे निकालने का प्रयास किया था। मगर सफल नहीं हुए। उधर, जब मामले की शिकायत पुलिस से हुई, तब पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। देवरहा निवासी योगेश राठौर ने इस मामले में शिकायत की थी। योगेश ने बताया कि वह डीजल बेचने का काम घर से ही करता है। 25 सितंबर को उसे किसी नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले शख्स ने डीजल खरीदने की बात कही थी। इसके बाद वह उसके घर में डीजल खरीदने भी पहुंचा। उसके साथ 3 लोग और थे। मगर घर आने के बाद उन्होंने डीजल खरीदने से इनकार कर दिया।

बताया गया कि रात का वक्त था। डीजल खरीदने से मना करने के बाद आरोपी उससे गुटखा और सिगरेट मांगने लगे। पर योगेश ने उन्हें सिगरेट देने से इनकार कर दिया था। बस इसी बात से वे नाराज हो गए और घर के अंदर घुसकर अलमारी में रखे 35 हजार निकाले। इसके अलावा उन्होंने चाकू दिखाया और जेवर लेकर भाग गए थे। इसकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी।

पुलिस इस केस में लगातार जांच कर रही थी। तब पुलिस को आरोपियों के बारे में पता चला, जिसके बाद पुलिस ने इस केस में कार्तिक राम कश्यप, प्रीतम यादव और ओम प्रकाश यादव को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में इन्होंने जुर्म कबूल कर लिया है।


Tags:    

Similar News