अर्जुनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12.538 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

छग

Update: 2026-01-15 09:54 GMT
Dhamtari. धमतरी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए अर्जुनी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने धमतरी–नगरी मार्ग पर नाकाबंदी कर 12.538 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल 4 लाख 43 हजार 880 रुपये की संपत्ति जप्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशानुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना अर्जुनी पुलिस को मुखबिर से विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम भोयना ग्राम पंचायत के पास, धमतरी नगरी मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल से अवैध गांजा का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना अर्जुनी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बताए गए स्थान पर तत्काल नाकाबंदी की। कुछ ही देर बाद एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर घबराते नजर आए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को रोककर तलाशी ली, जिसमें उनके पास से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तिलेश सिंह ठाकुर (27 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03 गोपीबंद, पंडरिया, थाना पंडरिया जिला कोरबा तथा तरूणा सिंह राजपूत (26 वर्ष), निवासी सुभाष ब्लॉक एसईसीएल कॉलोनी, थाना कोतवाली जिला कोरबा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से गांजा की तस्करी कर रहे थे। पुलिस द्वारा की गई जप्ती में 12.538 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 25 हजार 380 रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक बजाज मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 85 हजार रुपये है, तथा चार मोबाइल फोन, जिनकी कुल कीमत करीब 33 हजार 500 रुपये है, को भी जप्त किया गया है। इस प्रकार कुल जप्त मशरूका की अनुमानित कीमत 4 लाख 43 हजार 880 रुपये आंकी गई है।
इस मामले में थाना अर्जुनी द्वारा अपराध क्रमांक 05/26 के तहत धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और गांजा की आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े अन्य तस्करों और नेटवर्क की भी तलाश की जा रही है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है और अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
Tags:    

Similar News