आरंग हत्याकांड: पैसों के लेन-देन में 6 आरोपी गिरफ्तार, गमछे से गला घोंटकर की थी हत्या

छग

Update: 2025-08-13 16:40 GMT
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ के आरंग में हुए बहुचर्चित हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 12 अगस्त को गिरिजाशंकर धीवर की हत्या कर दी गई थी, जिसकी लाश राटाकाट रोड के नाले के पास मिली थी। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि हत्या की वजह पैसों का लेन-देन था और आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से गमछे से गला घोंटकर हत्या की थी। पुलिस के अनुसार, मृतक गिरिजाशंकर धीवर राजमिस्त्री का काम करता था। 11 अगस्त को सुबह वह आरंग में ठेकेदार प्रहलाद लोधी के पास काम करने गया था। दोपहर करीब एक बजे उसने आधा काम छोड़कर कहा कि वह थोड़ी देर में वापस आएगा, लेकिन लौटकर नहीं आया। देर शाम उसकी खोजबीन की गई, तो उसकी लाश राटाकाट रोड के नाले के पास पड़ी मिली।

संदेह मधुसूदन लोधी पर गया
जांच में पता चला कि गांव के ही मधुसूदन लोधी भी मृतक की तरह राजमिस्त्री का काम करता है और दोनों साथ में काम कर चुके हैं। रक्षाबंधन से एक दिन पहले दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। मधुसूदन के बारे में जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। जांच के दौरान यह भी पता चला कि मधुसूदन लोधी और कुछ अन्य युवक मृतक के साथ आरंग शराब दुकान के पास राटाकाट रोड पर देखे गए थे। इसके आधार पर पुलिस ने मधुसूदन को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने हत्या की पूरी कहानी कबूल कर ली।

पैसों का विवाद और बदला
पूछताछ में मधुसूदन ने बताया कि उसने छटेरा में गिरिजाशंकर के साथ काम किया था। पैसों के भुगतान को लेकर गिरिजाशंकर उससे बार-बार गाली-गलौज करता था। एक बार तो उसने मधुसूदन की पत्नी के सामने भी अश्लील गालियां दीं, जिससे वह अपमानित महसूस कर रहा था। इसी वजह से उसने बदला लेने का मन बना लिया। मधुसूदन ने छटेरा के काम का हिसाब करने के बहाने गिरिजाशंकर को बुलाया और अपने पांच साथियों—डीगेश्वर लोधी, अजय निषाद, नीलकंठ लोधी उर्फ बिल्ला, जयप्रकाश लोधी और कमल उर्फ भकलू लोधी को पैसे का लालच देकर इस योजना में शामिल कर लिया। शराब पीते समय झगड़ा हुआ और आरोपियों ने गिरिजाशंकर को बुरी तरह पीटा। इसके बाद मधुसूदन ने गमछे से उसका गला घोंट दिया।

सबूत मिटाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। घटना में प्रयुक्त गमछा हथमार तालाब के पचरी में ले जाकर जला दिया गया, जबकि मृतक का मोबाइल झलमला तालाब में फेंक दिया गया। हत्या के बाद मधुसूदन ने अपने साथियों को ‘पार्टी’ भी दी। पुलिस ने विवेचना के दौरान घटना में इस्तेमाल दो बाइक और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर हिरासत में रखा गया है और आगे की पूछताछ जारी है।

गिरफ्तार आरोपी
मधुसूदन लोधी उर्फ मधु पिता स्व. मुकेश लोधी, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम भोथली थाना आरंग
डीगेश्वर लोधी पिता मनोज लोधी, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम ठाकुरदियापारा, खमतराई रोड, आरंग
जयप्रकाश लोधी पिता देवराज लोधी, उम्र 25 वर्ष, निवासी नया बिजली ऑफिस के पास, आरंग
कमल उर्फ भकलू पिता संतोष लोधी, उम्र 20 वर्ष, निवासी अवंती चौक, आरंग
अजय निषाद पिता रूपेश निषाद, उम्र 18 वर्ष, निवासी रामनगर चौक, आरंग
नीलकंठ लोधी उर्फ बिल्ला पिता यादराम लोधी, उम्र 19 वर्ष, निवासी अवंती चौक, आरंग
पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी तथ्य सामने आ सकते हैं, जिसके लिए आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।
Tags:    

Similar News