छत्तीसगढ़ अपेक्स बैंक में 67 समिति प्रबंधकों की भर्ती को मंजूरी, सहकारिता क्षेत्र होगा मजबूत
छत्तीसगढ़
RAIPUR रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अपेक्स बैंक में 67 समिति प्रबंधक पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में लिया गया है। इसका उद्देश्य राज्य की सहकारी व्यवस्था को अधिक मजबूत और प्रभावी बनाना है।
सहकारिता आयुक्त एवं पंजीयक महादेव कावरे ने पदभार संभालते ही प्राथमिकता के आधार पर यह निर्णय लिया। अब अपेक्स बैंक के कुल 134 स्वीकृत पदों में से सभी पदों पर भर्ती प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है। इससे पहले 67 पदों पर अनुमति दी जा चुकी थी, जबकि शेष 67 पदों के लिए अब मंजूरी दी गई है।
इस भर्ती से पैक्स और लैम्प्स समितियों की कार्यप्रणाली में सुधार होगा और डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा मिलेगा। इससे किसानों को ऋण, खाद-बीज और अन्य सेवाएं समय पर मिल सकेंगी। सरकार का कहना है कि यह कदम सहकारी संस्थाओं को मजबूती देने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देगा।