Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में एनटीएफ (नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की टीम ने TI सुनील दास के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 4 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.45 लाख रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोग्यधाम अस्पताल के पीछे अग्रोहा कॉलोनी, रायपुरा स्थित खाली मैदान में एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चन्द्रमणी सूर्यवंशी (उम्र 29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्राम रिकोकला, थाना कसडोल, जिला बलौदाबाजार का निवासी है और वर्तमान में डी.डी. नगर रायपुर क्षेत्र में रह रहा था। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक सफेद प्लास्टिक बोरी मिली, जिसमें गांजा भरा हुआ था। बरामद मादक पदार्थ को गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया और मौके पर पंचनामा तैयार किया गया। पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए पहले मुखबिर सूचना की तस्दीक की गई और फिर स्वतंत्र गवाहों को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद पूरी प्रक्रिया कानूनी प्रावधानों के तहत की गई। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के पास से बरामद गांजा की पैकिंग और वजन की पुष्टि इलेक्ट्रॉनिक तराजू से की गई। जांच के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर थाने लाया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इस मादक पदार्थ की सप्लाई कहां से लाता था और इसका नेटवर्क किन लोगों तक फैला हुआ है। प्रारंभिक जांच में इसके पीछे बड़े सप्लाई नेटवर्क की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। इस कार्रवाई को रायपुर पुलिस की मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।