Kanker. कांकेर। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को एक बार फिर नरहरपुर थाना क्षेत्र के अमोड़ा गांव में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार ट्रक चालक धान लोड कर नरहरपुर से कांकेर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक से दो युवक नरहरपुर की ओर से मर्दापोटी (कांकेर) आ रहे थे। अमोड़ा क्षेत्र के चनार के पास सड़क किनारे बाइक खड़ी कर दोनों युवक कुछ देर के लिए रुके थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चलाए जा रहे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े एक युवक को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय बाइक के साथ मौजूद दूसरा युवक ट्रक को अपनी ओर आते देख तुरंत साइड हो गया, जिससे उसकी जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि वह समय रहते नहीं हटता तो एक और बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे के बाद ट्रक चालक ने वाहन नहीं रोका और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए और पुलिस को मामले की जानकारी दी। मृतक की पहचान दुर्गेश कुमेटी, निवासी आवास पारा मर्दापोटी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही नरहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। गौरतलब है कि कांकेर जिले में हाल के दिनों में सड़क हादसों की संख्या तेजी से बढ़ी है। बीते चार दिनों में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की जान जा चुकी है, जबकि एक महीने के भीतर जिले में करीब 25 लोगों की मौत सड़क हादसों में होने की जानकारी सामने आई है। यह आंकड़े सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन और परिवहन विभाग की चिंताओं को और गहरा कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसों का प्रमुख कारण बनता जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में सख्त यातायात निगरानी और स्पीड कंट्रोल की मांग भी उठने लगी है। फिलहाल पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।