विकसित बलौदा बाजार की ओर एक और कदम: बृजमोहन अग्रवाल

छग

Update: 2025-08-03 17:17 GMT
Baloda Bazaar. बलौदाबाजार। क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रविवार को बलौदा बाजार में अटल परिसर एवं नालंदा परिसर का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण कर प्रकृति और मातृत्व दोनों को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चयनित हितग्राहियों को उनके सपनों का घर सौंपते हुए विधिवत चाबियां सौंपी गईं। इसके साथ ही राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को योजना से संबंधित लाभ प्रदान कर सरकार की प्रतिबद्धता को धरातल पर साकार किया गया।


इस विशेष आयोजन में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रदेश के पंचायत मंत्री टंकराम वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने भाजपा की डबल इंजन सरकार को जनहितैषी बताते हुए कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार मिलकर विकास को नई गति और दिशा देने का कार्य कर रही है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। उन्होंने बलौदा बाजार के चहुंमुखी विकास का भरोसा दिलाते हुए जनभागीदारी से योजनाओं को सफल बनाने की अपील की।
Tags:    

Similar News