अन्नदाता परेशान, ठेकेदार की वजह से नहीं कर पाया खेतों में धान बुवाई

छग

Update: 2023-07-12 07:10 GMT

बालोद। जिले में झलमला से शेरपार तक राष्ट्रीय राज मार्ग 930 के चौड़ीकरण व उन्नयन कार्य जारी है, जहां अब बारिश के इन दिनों इस सड़क में कई जगहों पर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम कुसुमकसा और अरमुरकसा के बीच मुख्य सड़क पर बनाए गए पुल में टेकनिकल फाॅल्ट माना जा रहा है।

ग्रामीणों की माने तो पुल में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है, जिसके कारण पुल के पास सड़क किनारे खेतों में पिछले 15 दिनो से पानी भरा हुआ है। ग्रामीण किसान अपने इन खेतों में बोवाई का कार्य नहीं कर पा रहे हैं, खेतों से पानी निकालने की समुचित व्यवस्था नहीं है।

पुल के पास मिट्टी भर जाने से खेतों का पानी नहीं निकल पा रहा है। इनकी माने तो पहले पुराने पुल से पानी निकल जाता था, लेकिन अब नया पुल बनने के बाद पानी सही ढंग से नहीं निकल पा रहा है। हालत यह है कि पुल के आसपास खेतों में पानी भर गया है। ग्रामीणों को खेती कार्य में बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बता दें बालोद जिले के झलमला से शेरपार राष्ट्रीय राजमार्ग क्र 930 में लगभग 37 कि.मी. सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है, लेकिन निर्माण कार्य कछुआ चाल से चल रहा है।


Tags:    

Similar News